एमईई-2026 की तैयारी में जुटा बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व, पर्यटन हितधारकों से लिया फीडबैक
- कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों की सुविधाओं पर रहेगा विशेष जोर
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश का विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में आगामी मैनेजमेंट इफेक्टिवनेस इवैल्यूएशन (एमईई)-2026 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। इस महत्वपूर्ण मूल्यांकन में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा पर्यटन से जुड़े सभी हितधारकों की सहभागिता बढ़ाई जा रही है।
इसी क्रम में गत दिवस क्षेत्र संचालक के मार्गदर्शन में स्टेकहोल्डर ओरिएंटेशन बैठक आयोजित की गई। बैठक में होटल एवं रिसॉर्ट एसोसिएशन, जिप्सी एसोसिएशन, गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा वाहन चालकों ने भाग लेकर अपने सुझाव दिए। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता सहायक संचालक (ताला) जितेंद्र अवासे एवं वन परिक्षेत्र अधिकारी (ताला एवं पर्यटन) राहुल किरार ने की। इस दौरान पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से एमईई-2026 के उद्देश्यों, मूल्यांकन प्रक्रिया और पर्यटन से जुड़े विभिन्न मापदंडों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) एवं भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई), देहरादून द्वारा प्रत्येक चार वर्ष में देश के टाइगर रिजर्व का स्वतंत्र मूल्यांकन किया जाता है। वर्ष 2026 में इस मूल्यांकन का छठा चक्र आयोजित होगा, जिसमें देश के सभी 58 टाइगर रिजर्व शामिल होंगे। मूल्यांकन के कुल 34 प्रश्नों के माध्यम से 340 अंकों पर विभिन्न व्यवस्थाओं और संरक्षण संबंधी प्रयासों का आकलन किया जाएगा। इनमें पर्यटन प्रबंधन, पर्यटक सुविधाएं, कचरा प्रबंधन, ईको-टूरिज्म के माध्यम से स्थानीय आजीविका और जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।
पर्यटन हितधारकों की भूमिका होगी महत्वपूर्ण
बैठक में होटल एवं रिसॉर्ट संचालकों से गीले और सूखे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण एवं निपटान सुनिश्चित करने, एकल उपयोग प्लास्टिक से बचने, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने तथा पर्यटकों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण के नियमों की जानकारी देने की अपेक्षा की गई।
इसी तरह जिप्सी चालकों और गाइडों को सफारी के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और गति सीमा का पालन करने, वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा अनावश्यक शोर और भीड़ से बचने के निर्देश दिए गए। साथ ही सफारी शुरू होने से पहले पर्यटकों को आवश्यक नियमों एवं सावधानियों से अवगत कराने और पर्यटन क्षेत्रों को स्वच्छ रखने पर जोर दिया गया।
सुझावों के आधार पर पर्यटन व्यवस्था को बनाया जाएगा बेहतर
प्रेजेंटेशन के बाद आयोजित संवाद सत्र में होटल एवं रिसॉर्ट संचालकों, जिप्सी और गाइड एसोसिएशन के प्रतिनिधियों तथा वाहन चालकों ने पर्यटन व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव रखे। अधिकारियों ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि पर्यटन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, सुव्यवस्थित एवं पर्यटक अनुकूल बनाने के लिए सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य एमईई-2026 को केवल विभागीय मूल्यांकन तक सीमित न रखते हुए इसमें पर्यटन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्यजीव संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण अनुकूल पर्यटन और स्थानीय समुदाय की आजीविका के लिए सभी हितधारकों का सहयोग महत्वपूर्ण है। सामूहिक प्रयासों से बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व को एमईई-2026 में बेहतर प्रदर्शन और उच्च अंक दिलाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

