किसानों को वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का जरिया है बलराम कृषि महोत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

WhatsApp Channel Join Now
किसानों को वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का जरिया है बलराम कृषि महोत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


किसानों को वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का जरिया है बलराम कृषि महोत्सव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


- मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 82.70 लाख से अधिक किसानों को अंतरित किए 3308 करोड़ रुपये अंतरित

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन न होकर किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है। यह किसानों का अपना कार्यक्रम है, किसान इसका अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी खेती को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को खंडवा जिला मुख्यालय पर आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने प्रदेश के 82 लाख 70 हजार से अधिक किसानों के खातों में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत 3308 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से अंतरित किये।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि खंडवा की बात ही अलग है। अतीत का खानदेश अब कई खासियतों के लिए मशहूर है। यहाँ की काली मिट्टी फसलों के लिए सोने जैसी है। इसीलिए यहां की फसलें भी सोने के भाव बिकती हैं। खंडवा जिले के हर खंड में किसानों की मेहनत से खुशहाली है। बात खेती-किसानी की हो, या जल और पर्यावरण बचाने की, खंडवा हर मामले में अव्वल है। यहां के परिश्रमी किसानों ने अपनी उद्यमशीलता और नवाचारों से पूरे देश और प्रदेश में खेती का एक अलग ही स्टैंडर्ड मॉडल सेट किया है।

उन्होंने किसानों से अनुरोध करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव आपका अपना महोत्सव है। इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि परम्परागत खेती अब गुज़रे ज़माने की बात हो गई है। अब आधुनिक और उन्नत खेती का दौर है। किसान बंधु अपने खेत की मिट्टी की जांच करायें। मिट्टी की उत्पादकता के अनुसार ही फसल लें। बहुत अधिक रायायनिक उर्वरकों का उपयोग करने से बचें, जितनी जल्दी हो सके, प्राकृतिक और जैविक खेती की ओर बढ़ें। फसल विविधीकरण अपनाएं। एक ही किस्म की फसल के स्थान पर एक ही समय में खेत में एकाधिक फसल लें। इससे किसानों के खेतों में नई फसल किस्मों की हरियाली आयेगी, साथ ही आमदनी भी बढ़ेगी।

किसानों के प्रति सरकार के मन में अगाध श्रद्धा और सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार लगातार किसान कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। किसान अपनी मेहनत और पसीने से धरती से अन्न उगाते हैं और भूखों को अनाज उपलब्ध कराते हैं। किसानों के प्रति हमारी सरकार के मन में अगाध श्रद्धा और सम्मान है। किसान भाइयों को आज एक साथ 4000 रुपये सम्मान निधि के रूप में उनके बैंक खातों में भेजे गए हैं।

कृषक कल्याण वर्ष में किसानों की आय दोगुना करने का संकल्प

उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की क्षमताओं को पहचानती है। भारत वह देश है, जो अपनी परम्पराओं में वसुधैव कुटुम्बकम का भाव रखते हुए संपूर्ण विश्व को एक परिवार मानता है। हमारी संस्कृति जियो और जीने दो पर विश्वास करती है। भगवान बलराम कृषि क्षेत्र के पहले देवता हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए हम वर्ष 2026 को 'कृषक कल्याण वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। इसमें प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बलराम कृषि महोत्सव मनाये जा रहे हैं।

अब एक समान कानून से चलेगा मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अब एक देश, एक निशान, एक विधान, एक प्रधान का संकल्प पूरा हो रहा है। 'सब समान-सबको सम्मान' ही हमारा भाव है। हमारी सरकार ने समान नागरिक संहिता विधेयक विधानसभा से पास करवाया है। अब हमारा प्रदेश एक समान कानून से चलेगा। उन्होंने बताया कि यूसीसी के संबंधित सर्वे में साढ़े 3 करोड़ से अधिक लोगों को एसएमएस भेजे गए। इसके लिए 10 लाख से अधिक सुझाव मिले। सर्वे में 76 प्रतिशत से अधिक मुस्लिम बहनों ने यूसीसी लागू करने का समर्थन किया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बहनों को तीन तलाक से मुक्ति मिल चुकी है। सभी समुदायों की महिलाएं हमारी बहनें हैं।

अगले माह से मिलेगी सरकारी रोडवेज बसों की सौगात

उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को हर माह 1500 रुपये की सौगात मिल रही है। हर महीने रक्षाबंधन मनता है। अगले महीने से प्रदेश के नागरिकों को सरकारी रोडवेज बसों की सौगात मिलेगी। यह गरीब, किसानों के कल्याण का समय है। प्रदेश में गरीब-जरूरतमंदों को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण से जुड़े सभी धार्मिक स्थानों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। सिंहस्थ: 2028 के आयोजन की तैयारियों के साथ ही ओंकारेश्वर धाम में भी 3 हजार करोड़ की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा के दादाजी धूनीवाले के धाम और समाधि स्थल पर विकास के कार्य तेजी से जारी हैं। हमारा इरादा सभी को साथ लेकर आगे बढ़ते हुए प्रदेश को बेहतर राज्य बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के 80 करोड़ से अधिक गरीबों को नि:शुल्क अनाज वितरित किया जा रहा है, जिससे अन्न के अभाव में कोई भी भूखा न सोये। गरीबों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में नि:शुल्क पीएम आवास उपलब्ध कराए गए हैं। गरीब का हाथ थामकर उनके जीवन के कष्ट मिटाना, यही जीवन है, यही राजनीति का मर्म है।

प्रदेश में बनेंगे 275 सांदीपनि विद्यालय

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दो दिन बाद गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेश को नए सांदीपनि विद्यालयों की सौगात मिलेगी। प्रदेश में पहले चरण में 275 सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 136 बनकर तैयार हो चुके हैं और 105 विद्यालयों का लोकार्पण भी हो चुका है। दूसरे चरण में हम 200 नये सांदीपनि विद्यालय बनायेंगे। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदाय की जा रही है। प्रदेश में युवाओं के लिए सर्वसुविधायुक्त नए मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोले जा रहे हैं। भारत के युवा खेलों में भी देश का मान बढ़ा रहे हैं। हाल ही में जहां कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की बेटी मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक और राजा मुथुपांडी ने रजत पदक अपने नाम किया है। क्रिकेट में नौजवान खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने विरोधी टीम के छक्के छुड़ाये।

हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का किया आव्हान

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि आने वाले 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान चलेगा और सभी लोग इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, मदनलाल ढींगरा जैसे सभी वीरों के बलिदान का स्मरण करें। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई उन्नत कृषि पर केंद्रित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री ने खण्डवा में पुलिस बटालियन की स्थापना करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मूंदी से खंडवा के बीच नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी कर दिए जाएंगे। बलराम कृषि महोत्सव की स्मृति के रूप में मुख्यमंत्री डॉ. यादव को किसानों ने हल भेंट किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जैविक, हाईटेक खेती और खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान बंधुओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों और सोशल मीडिया एन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story