एमपी टूरिज्म राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में बालाघाट की टीम बनी विजेता

WhatsApp Channel Join Now
एमपी टूरिज्म राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में बालाघाट की टीम बनी विजेता


- दूसरे स्थान पर धार और तीसरे स्थान पर रहा सीधी

भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से एमपी टूरिज्म बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 प्रतियोगिता में बालाघाट के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, धार के पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और सीधी के काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हुआ। इस अवसर पर संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप नि:शुल्क टूर पैकेज के कूपन एवं मेडल प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश के 53 जिलों से 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन के क्षेत्र में भविष्य संवारने का मिलेगा अवसर : मंत्री लोधी

राज्यमंत्री लोधी ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और उन्हें इस क्षेत्र में कॅरियर के अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। क्विज के माध्यम से विद्यार्थी प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध संस्कृति और पर्यटन स्थलों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह पहल विद्यार्थियों में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही उनके ज्ञान और प्रतिभा को प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनके माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।

पर्यटन से जुड़कर युवा गढ़ सकते हैं उज्ज्वल भविष्य- डॉ. इलैयाराजा टी.

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन क्विज हमारी युवा पीढ़ी को प्रदेश की विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उनके बेहतर भविष्य की नींव भी रखती है। जब विद्यार्थी अपने प्रदेश के ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहरों को गहराई से समझते हैं, तो यह ज्ञान उनके लिए पर्यटन एवं ट्रैवल इंडस्ट्री में कॅरियर निर्माण के नए रास्ते खोलता है। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाता है। प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा (कम्पीटिशन) करना बेहद जरूरी है, जिससे उज्ज्वल कॅरियर की संभावनाएं खुलती हैं। जीवन में कड़ी मेहनत और सही फोकस रखना सफलता की कुंजी है, जिससे हमारा आत्मविश्वास भी बढ़ता है। यहाँ मौजूद हर एक बच्चा मध्य प्रदेश का ब्रांड एंबेसडर है, क्योंकि हमारा प्रदेश अपनी अदूभुत संस्कृति और धरोहर के कारण दुनिया भर में विशेष स्थान रखता है।

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, अपनी प्रतिभा निखारने और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. बेडेकर ने कहा कि पर्यटन को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाने तथा विद्यार्थियों को प्रदेश की पर्यटन संपदा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज का आयोजन किया जाता है। इस पहल के माध्यम से अब तक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 21 लाख से अधिक विद्यार्थी मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़ चुके हैं। पर्यटन क्विज विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उन्हें प्रदेश के ऐतिहासिक स्थलों, सांस्कृतिक परंपराओं, वन्यजीवों और प्राकृतिक धरोहरों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन रही है।

एमपी टूरिज्म क्विज में 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने की सहभागिता

एमपी टूरिज्म राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 में जिला एवं राज्य स्तर से 24 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतियोगिता में प्रत्यक्ष सहभागिता की गई। इस बार की थीम द ट्रेज़र आर्ट ऑफ एमपी रखी गई थी। इसमें प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

विजेताओं को मिलें एमपी टूरिज्म के निःशुल्क टूर पैकेज

राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता के फाइनल में छह टीमों ने स्थान बनाया जिनमें सीधी, धार, मुरैना, सतना, बालाघाट और उमरिया शामिल रही। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के साथ अन्य तीन टीमों को भी पर्यटन विभाग की ओर से पुरस्कार स्वरूप मध्यप्रदेश भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया। विजेता टीमें मध्य प्रदेश में पर्यटन विभाग के अंतर्गत आने वाले होटलों में ठहरने और प्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का लाभ प्राप्त करेंगी। प्रथम विजेता टीम को प्रदेश के पर्यटन स्थल पर 5 दिन और 4 रात का निःशुल्क टूर पैकेज मिला। द्वितीय विजेता टीम को 4 दिन और 3 रात का निःशुल्क टूर पैकेज मिला। तृतीय विजेता टीम को 3 दिन और 2 रात का निःशुल्क टूर पैकेज मिला। इसके अतिरिक्त, जिला स्तरीय प्रतियोगिता की टीमों को भी 3 दिन और 2 रात के भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों का मोहा मन

प्रतियोगिता के समापन अवसर पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों का मन मोह लिया। भोपाल के शासकीय आदर्श आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय की 30 छात्राओं द्वारा प्रस्तुत ‘श्री रामचरितम्’ रामायण की कथा को भारतीय ज्ञान परंपरा, शास्त्रीय अभिनय और लोक संगीत के माध्यम से जीवंत किया गया। मात्र 35 मिनट में भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास, सीता हरण, राम-रावण युद्ध और राम राज्याभिषेक तक की संपूर्ण कथा को मंच पर प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के लिए माइंड रीडर प्ले करवाया गया।

इस अवसर पर मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संयुक्त संचालक डॉ. संतोष श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण एच.एन. नेमा और एसडीएम लखन सिंह चौधरी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767960 Articles

Share this story