मप्रः असम में शहीद हुए बालाघाट जवान विष्णु बघेल का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः असम में शहीद हुए बालाघाट जवान विष्णु बघेल का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


मप्रः असम में शहीद हुए बालाघाट जवान विष्णु बघेल का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


मप्रः असम में शहीद हुए बालाघाट जवान विष्णु बघेल का राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार


भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। असम के नागांव जिले के कटिमारी स्थित 34वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंप में मंगलवार को हुई फायरिंग में जान गंवाने वाले मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के वीर जवान प्रधान आरक्षक विष्णु बघेल का गुरुवार को उनके पैतृक ग्राम में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ।

असम के सीआरपीएफ कैंप में गत 04 अगस्त को हुई फायरिंग की घटना में हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल शहीद हो गए थे। गुरुवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जैसे ही सीआरपीएफ के विशेष वाहन से तिरंगे में लिपटा उनका ताबूत गांव पहुंचा, माहौल बेहद गमगीन हो गया। अपने सपूत के अंतिम दर्शन के लिए परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। पूरा इलाका 'जब तक सूरज-चांद रहेगा, विष्णु तेरा नाम रहेगा' के नारों से गूंज उठा।

शहीद जवान को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक मधु भगत, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद परसवाड़ा स्थित शेरपार रोड शक्ति घाट पर सीआरपीएफ के जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

शहीद विष्णु बघेल अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि गत 04 अगस्त की सुबह असम के नागांव जिले स्थित सीआरपीएफ की 34वीं बटालियन के कैंप में एक जवान ने अचानक अपनी इंसास राइफल से बैरक और क्वार्टर गार्ड की ओर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस घटना में हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल सहित दो जवानों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी जवान ने खुद को भी गोली मार ली। गंभीर रूप से घायल विष्णु बघेल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल विष्णु प्रसाद बघेल का हाल ही में भोपाल स्थित 107वीं बटालियन से असम की 34वीं बटालियन में तबादला हुआ था। देश सेवा के प्रति समर्पित विष्णु बघेल अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन कर रहे थे। अचानक हुई इस घटना ने उनके परिवार के साथ-साथ पूरे बालाघाट जिले को गहरे सदमे में डाल दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story