बालाघाटः बीमारी प्रभावित क्षेत्र में 15 हजार 625 बच्चों का हुआ टीकाकरण

WhatsApp Channel Join Now
बालाघाटः बीमारी प्रभावित क्षेत्र में 15 हजार 625 बच्चों का हुआ टीकाकरण


- अब तक 448 में से 406 बच्चे स्वस्थ होकर घर लौटे

भोपाल, 06 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी में स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मौसमी बीमारी, सर्दी खांसी बुखार, चर्मरोग मीजलस स्कैबीज, मलेरिया के उपचार के लिए अस्पताल में 448 भर्ती कराए गए बच्चों में से 406 बच्चे स्वस्थ्य होकर अपने गांव लौट गए हैं। विगत एक माह से 06 सितम्बर तक कुल 448 बच्चों में से 406 बच्चों को सफलतापूर्वक स्वास्थ्य लाभ मिलने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। इस तरह कुल 42 बच्चे अस्पताल में उपचाररत हैं, जो पूर्णतः स्वस्थ्य है।

जिला प्रशासन द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि उक्त ग्रामों में 20 सर्वेक्षण टीमों के माध्यम से घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है एवं 6 पीएमजनमन एएमएमयू, बीमार व्यक्तियों की जांच के लिए 18 चिकित्सा अधिकारी एवं 4 एम्बुलेंस भर्ती के लिए लगायी गयी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक कुल एक हजार 059 मरीज विभिन्न बीमारियों के मिले, जिसमें 406 को अस्पताल में एवं 611 को घर पर ही उपचार प्रदान कर ठीक किया गया।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुंडेकसा बोंदारी कोरका घुम्मुर, अडोरी, मछुरदा गठिया, मातला में घर घर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के दौरान 892 बच्चों को विटामिन ए की खुराक ओआरएस वितरण, जिंक टेबलेट वितरण दिया गया। 790 बच्चों को आयरन सायरप प्रदान किया गया 710 बच्चों को अल्बडाजोल की टेबललेट खिलायी गयी कुल 312 सत्रों में 15 हजार 265 बच्चों का टीकाकरण किया गया। आज 48 ग्रामों के 4 हजार 911 मकानों में कीटनाशक एवं 43 ग्रामों के 8 हजार 527 घरों में इनडोर आउटडोर फॉगिंग की गयी।

बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सर्वे एवं उपचार जारी

जिले के बीमारी प्रभावित ग्राम कुंडेकसा, कोरका एवं बोदरी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा सर्वे, जांच एवं उपचार की कार्रवाई निरंतर जारी है। प्रतिदिन प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

6 सितंबर की प्रतिदिन सर्वे रिपोर्ट के अनुसार अब तक कुल 5 हजार 480 व्यक्तियों की जांच की जा चुकी है। इनमें 393 मलेरिया रोगी, 183 डेंगू रोगी, 256 दाने के साथ बुखार से पीड़ित तथा 227 चर्म रोगी पाए गए हैं। विभिन्न बीमारियों से प्रभावित कुल 1 हजार 059 मरीजों में से 611 का घर पर उपचार किया गया, जबकि 448 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया।

अस्पताल में भर्ती मरीजों में से अब तक 406 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि 42 मरीज वर्तमान में उपचाररत हैं। आज 12 मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए, जबकि 15 मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज किए गए। इस प्रकार आज डिस्चार्ज होने वाले मरीजों की संख्या भर्ती हुए मरीजों से अधिक रही, जो प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर प्रयासों और मरीजों के स्वस्थ होने की स्थिति है।

बीमारी प्रभावित कुंडेकसा में 127 बैगा परिवारों तक पहुंची राहत सामग्री

बिरसा विकासखंड के बीमारी प्रभावित ग्राम कुंडेकसा में रविवार को नगरपालिका मलाजखंड के सौजन्य से प्रभावित बैगा परिवारों को राहत सामग्री का वितरण किया गया। ग्राम पंचायत अडोरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुंडेकसा में बीमारी से प्रभावित 127 बैगा परिवारों को आवश्यक उपयोग की सामग्री उपलब्ध कराई गई, ताकि परिवारों को बीमारी से बचाव के साथ-साथ दैनिक जरूरतों में भी सहूलियत मिल सके।

राहत सामग्री वितरण के दौरान प्रत्येक परिवार को दो मच्छरदानियां, मीठी दलिया-खिचड़ी के दो पैकेट, बच्चों के लिए दो लोवर, दो टी-शर्ट तथा मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती प्रदान की गई। बीमारी प्रभावित परिवारों को मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानियों का वितरण विशेष रूप से उपयोगी माना जा रहा है। वहीं बच्चों के लिए पौष्टिक खाद्य सामग्री एवं कपड़े उपलब्ध कराकर उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया।

राहत सामग्री मिलने से ग्रामीण परिवारों में खुशी दिखाई दी। ग्रामीणों ने बीमारी के दौर में परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाने के लिए नगरपालिका मलाजखंड एवं सहयोगी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। बीमारी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य , पोषण एवं राहत संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story