नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महंगाई, कानून व्यवस्था और यूसीसी पर सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने महंगाई, कानून व्यवस्था और यूसीसी पर सरकार को घेरा


भोपाल, 20 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बुधवार काे प्रदेश और देश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर मीडिया से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिव्यू, कानून व्यवस्था, महाकाल मंदिर जमीन मामले और यूसीसी जैसे विषयों पर सरकार को घेरते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।

उमंग सिंघार ने अपने निवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल पर अधिक वैट और अतिरिक्त करों के कारण आम जनता पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 29 प्रतिशत वैट, प्रति लीटर अतिरिक्त टैक्स और अन्य उपकरों की वजह से मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 12 रुपये तक का अंतर है। उन्होंने कहा कि देशभर में महंगाई से आम लोग प्रभावित हो रहे हैं और केंद्र सरकार को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के विदेश दौरों और सरकारी खर्चों को लेकर भी सवाल खड़े किए।

मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिव्यू पर भी निशाना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मंत्रियों के “परफॉर्मेंस रिव्यू” की प्रक्रिया पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंघार ने कहा कि यदि मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा हो रही है, तो गृह विभाग की स्थिति पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते अपराध, महिला अत्याचार, आदिवासी हिंसा और कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार को जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत करना चाहिए।

ट्वीशा शर्मा मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

भाेपाल के चर्चित ट्वीशा शर्मा की संदिग्ध मौत मामले पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि परिवार को किसी प्रकार की आशंका है और वे दोबारा पोस्टमार्टम की मांग कर रहे हैं, तो सरकार को मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों में पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और किसी प्रकार का अविश्वास पैदा न हो।

महाकाल मंदिर जमीन मामले पर जताई चिंता

महाकाल मंदिर परिसर से जुड़ी जमीनों के अधिग्रहण और खरीद-फरोख्त को लेकर भी उमंग सिंघार ने चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थलों के आसपास जमीन संबंधी गतिविधियों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आ रहे हैं, जिससे लोगों के बीच सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर आस्था और श्रद्धा का केंद्र है तथा इसे किसी भी प्रकार के राजनीतिक या व्यावसायिक विवाद से दूर रखा जाना चाहिए।

यूसीसी पर व्यापक चर्चा की मांग

समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर आयोजित बैठक पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंघार ने कहा कि यह एक संवेदनशील विषय है, जिस पर सभी वर्गों और समुदायों की राय ली जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ओबीसी, दलित, आदिवासी समाज, विभिन्न धार्मिक समुदायों, सामाजिक संगठनों और संवैधानिक विशेषज्ञों से व्यापक चर्चा के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है और किसी भी निर्णय में इसका सम्मान किया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story