मप्रः विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने ग्वालियर हादसे पर व्यक्त किया दुख
ग्वालियर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर के चीनोर में शनिवार की रात शीतला माता मंदिर मार्ग पर हुए हादसे पर मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस दु:खद घटना के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष तोमर के रविवार के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दु:खद और पीड़ादायक है। इन परिवारों पर आई आपदा का कष्ट अकथनीय है। शोक की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि वे दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय आघात सहने का संबल प्रदान करें। मैं हादसे में घायल हुए सभी श्रद्धालुओं के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
गौरतलब है कि शीतला माता मंदिर परिसर के मुख्य द्वार के समीप ढलान पर धान से भरे ट्रक अनियंत्रित हो गया था। ट्रक की चपेट में आने से माता के दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है तथा कई घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। राज्य सरकार की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी और गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज सरकार कराएगी। हादसे में घायल अन्य लोगों को भी 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से इस प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा पीड़ितों को हर संभव सहायता और चिकित्सा उपचार सुनिश्चित कराया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

