मप्र विधानसभाः आज अनुपूरक बजट पर होंगी चर्चा, पेपर लीक मामले पर हंगामे के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मप्र विधानसभाः आज अनुपूरक बजट पर होंगी चर्चा, पेपर लीक मामले पर हंगामे के आसार


भोपाल, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन हंगामेदार होने के आसार है। दरअसल, बुधवार को सरकार 7,765 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में चर्चा के लिए रखेगी। वहीं, कांग्रेस राहुल गांधी को हिरासत में लेने समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

कार्यसूची के अनुसार अनुपूरक बजट पर सदन में एक घंटे तक चर्चा होगी। इसके अलावा सरकार छह महत्वपूर्ण विधेयकों को भी चर्चा और पारित कराने के लिए पेश करेगी। इनमें भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (मध्य प्रदेश संशोधन) विधेयक, मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय स्थापना एवं संचालन (संशोधन) विधेयक, मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक तथा निरसन विधेयक सहित अन्य विधेयक शामिल हैं। सदन में विभिन्न विभागों से जुड़े 9 अलग-अलग विषयों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लिए जाएंगे, जिन पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

उधर, कांग्रेस ने राहुल गांधी को हिरासत में लेने, किसानों, कानून-व्यवस्था और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। विपक्षी विधायक मंगलवार रात से ही विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और आज भी सदन के भीतर और बाहर जोरदार हंगामे के संकेत हैं। सरकार की कोशिश रहेगी कि अनुपूरक बजट और विधायी कार्य सुचारु रूप से निपटाए जाएं, जबकि विपक्ष इन मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा करने के लिए आक्रामक रुख अपनाएगा। ऐसे में विधानसभा के तीसरे दिन की कार्यवाही के हंगामेदार रहने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story