मध्य प्रदेश में 1 से 25 दिसंबर तक हर विधानसभा क्षेत्र में चलेगा भाजपा का ‘सेवा दूत’ अभियान
भोपाल, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने के लिए भाजपा दिसंबर में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान चलाएगी। 1 से 25 दिसंबर तक प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संचालित होने वाले इस अभियान के तहत पूर्णकालिक कार्यकर्ता प्रवास करेंगे। वे स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।
बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों, जिला प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन की मौजूदा गतिविधियों, हाल ही में संपन्न अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हुई।
पद नहीं, जिम्मेदारी और परिणाम से तय होगी कार्यक्षमता : शिवप्रकाश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक ताकत उसके सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक पूरी सक्रियता, समन्वय और समर्पण के साथ काम करना होगा। पद केवल दायित्व नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं और जनता के प्रति जवाबदेही भी है।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके उद्देश्यों की पूर्ति और परिणामों का मूल्यांकन भी जरूरी है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों की नियमित समीक्षा करनी चाहिए और यह आत्ममंथन करना चाहिए कि उसे सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन कितनी गंभीरता और प्रभावी ढंग से हो रहा है।
शिवप्रकाश ने कहा कि संगठन में बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर पर निर्धारित जिम्मेदारियों का प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए। वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनसे संवाद करें और उनके योगदान को महत्व दें। व्यक्ति, व्यवस्था और समाज के निर्माण से ही देश मजबूत बनता है। इसके लिए संगठन में पारदर्शिता, सामूहिक निर्णय, सकारात्मक कार्यसंस्कृति और समयबद्ध कार्ययोजना आवश्यक है। उन्होंने डिजिटल और सोशल मीडिया के माध्यमों का भी संगठनात्मक संवाद के लिए प्रभावी उपयोग करने पर जोर दिया।
सेवा दूत अभियान में विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास करेंगे पूर्णकालिक कार्यकर्ता : हेमंत खण्डेलवाल
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सहभागिता और जनसेवा के संकल्प के आधार पर आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में 1 से 25 दिसंबर तक प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विशेष ‘सेवा दूत’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान पूर्णकालिक कार्यकर्ता विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और स्थानीय पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता बढ़ाना, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को प्रभावी बनाना और जनसंपर्क गतिविधियों को गति देना है। प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा के कार्यों में भागीदारी निभाए और पार्टी की विचारधारा के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने में भूमिका निभाए।
समन्वय और कार्ययोजना से संगठन को मजबूत बनाने पर जोर : चंद्रशेखर
प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी स्तरों पर बेहतर समन्वय, संवाद और सुनियोजित कार्ययोजना जरूरी है। पार्टी की ओर से निर्धारित कार्यक्रमों और अभियानों को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाए।
उन्होंने कहा कि आगामी कार्यक्रमों की तैयारियां समयसीमा में पूरी की जाएं और उनकी पहुंच बूथ स्तर तक सुनिश्चित हो। जिला, मंडल और बूथ स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा के साथ कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाए। सामूहिक प्रयास, आपसी संवाद और निरंतर सक्रियता से ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

