अशोकनगरः मुंगावली का नाम गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now
अशोकनगरः मुंगावली का नाम गणेश शंकर विद्यार्थी के नाम पर रखने की उठी मांग


अशोकनगर, 26 अक्टूबर। मध्य प्रदेश के अशोकनगर में निर्भीक पत्रकारिता, जनसेवा और सत्य के प्रति अटूट निष्ठा के प्रतीक अमर शहीद पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी जी की जयंती पर सोमवार को जिला पत्रकार संघ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में पत्रकारों ने विद्यार्थी जी के संघर्षमय जीवन, क्रांतिकारी विचारों और पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल एक पत्रकार नहीं, बल्कि अन्याय के विरुद्ध उठी वह निर्भीक आवाज थे, जिसने अपनी कलम को जनचेतना और वंचितों की आवाज का हथियार बना दिया।

विद्यार्थी जी की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने की दिशा में कार्यक्रम में एक महत्वपूर्ण पहल पर भी चर्चा हुई। वरिष्ठ पत्रकार मनोज जैन ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी जी की शिक्षा मुंगावली में हुई थी, इसलिए मुंगावली का नाम उनके नाम पर रखा जाना चाहिए तथा मुंगावली रेलवे स्टेशन पर भी उनके नाम का शिलालेख स्थापित किया जाना चाहिए।

इस प्रस्ताव को लेकर जिला पत्रकार संघ द्वारा आवश्यक स्तर पर पहल और कार्रवाई करने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि केवल स्मरण करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों और योगदान को आने वाली पीढय़िों तक पहुंचाने से होती है।

संघ के महासचिव देवेंद्र ताम्रकर ने कहा कि मुंगावली का नाम अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी जी के नाम पर किए जाने की मांग को लेकर जिला पत्रकार संघ आवश्यक कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जी की स्मृति को सम्मान देने की यह पहल पत्रकारिता के इतिहास और क्षेत्र की पहचान—दोनों के लिए महत्वपूर्ण होगी।

वरिष्ठ पत्रकार नीरज शुक्ला ने कहा कि सत्यनिष्ठ पत्रकारिता करने वाले प्रत्येक पत्रकार में गणेश शंकर विद्यार्थी की विचारधारा आज भी जीवित है। उनकी निर्भीकता और जनपक्षधर पत्रकारिता आज की पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी को विद्यार्थी जी के त्याग, साहस, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठ पत्रकारिता से परिचित कराना तथा उनकी स्मृति को जनमानस में चिरस्थायी बनाना रहा।

इस अवसर पर जिला पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद जैन, राजेंद्र रजक, पवन जैन, मनोज कलाकारा, दिनेश पालिवाल, संतोष जैन, कमलेश गुप्ता, राजीव, संजीव यादव, चंद्रपाल बघेल सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। गणेश शंकर विद्यार्थी की कलम ने जिस दौर में सच के लिए आवाज उठाई थी, आज उसी निर्भीक पत्रकारिता की मशाल को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र ताम्रकार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767272 Articles

Share this story