सेना के जवान पवन यादव को दी गई अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख

WhatsApp Channel Join Now
सेना के जवान पवन यादव को दी गई अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख


सेना के जवान पवन यादव को दी गई अंतिम विदाई, मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया दुख


- छुट्टी मंजूर होने पर घर लौटने वाले थे पवन यादव, एक दिन पहले ही मौत की खबर पहुंची

देवास, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में ड्यूटी के दौरान ऊंचाई से गिरने से जान गंवाने वाले सेना के जवान पवन यादव (35) को गुरुवार को उनके गांव पोलाय जागीर में अंतिम विदाई दी गई। पार्थिव शरीर पहुंचते ही पूरे गांव में शोक छा गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे। घरों के सामने रंगोली बनाई गई और तिरंगे लगाए गए। कई लोग जवान की एक झलक पाने के लिए छतों पर भी खड़े रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले सोनकच्छ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोलाय जागीर निवासी पवन यादव के देश के प्रति कर्तव्य निर्वहन के दौरान निधन पर दुख व्यक्त करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने सोशल मीडिया 'एक्स' पर कहा कि जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में मातृ-भूमि की सेवा में शहीद पवन यादव का समर्पण और साहस आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत वीर आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

पवन के चचेरे भाई चेतन यादव ने बताया कि 17 नवंबर को परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली थी। सेना की ओर से सबसे पहले पत्नी शोभा को फोन कर जानकारी दी गई। इसके बाद पिता चतर सिंह यादव को भी बताया गया। संयोग यह था कि मौत से कुछ घंटे पहले ही सुबह करीब 11 बजे पवन ने पत्नी से फोन पर बात की थी। उन्होंने परिवार का हालचाल पूछा था।

परिजनों के मुताबिक, पवन की छुट्टी मंजूर हो चुकी थी और वह करीब एक दिन में घर लौटने वाले थे। परिवार उनके आने का इंतजार कर रहा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंच गया।

पवन यादव भारतीय सेना में 14 साल पांच महीने तक सेवाएं दे चुके थे। उनके परिवार में पत्नी शोभा और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हित 11 साल का और छोटा बेटा सार्थक सात साल का है। दोनों देवास के निजी स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों की पढ़ाई के कारण पत्नी देवास में रहती थीं।

पवन का परिवार खेती-किसानी पर निर्भर है। उनके पास करीब चार बीघा जमीन है। परिवार कवेलू की छत वाले कच्चे मकान में रहता है। पिता चतर सिंह की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। पवन छुट्टी पर गांव आते थे तो खेती के काम में पिता का हाथ बंटाते थे। परिवार में उनके बड़े भाई पंकज यादव और एक बहन भी हैं। उनकी शादी इंदौर जिले के उषापुरा निवासी शोभा यादव से हुई थी।

पवन को क्रिकेट खेलने का शौक था। वह आसपास के गांवों और शहरों में होने वाले टूर्नामेंट में अपनी टीम के साथ हिस्सा लेते थे। उनके साथी खिलाड़ियों के मुताबिक, वह अच्छे ऑलराउंडर थे। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उनकी पहचान थी। कई बार उन्होंने अपनी टीम की कप्तानी भी की थी।

जवान के अंतिम संस्कार के लिए पंचायत और ग्रामीण सुबह से ही व्यवस्थाओं में जुटे रहे। खेत में अंतिम संस्कार के लिए जेसीबी और रोटावेटर की मदद से जगह तैयार कराई गई। गांव के लोगों ने पूरे सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी। पति को अंतिम विदाई देते समय पत्नी शोभा यादव ने कहा कि वह उन्हें पूरी शान के साथ विदा करेंगी। पति से किए गए हर वादे को निभाएंगी और आंसू नहीं बहाएंगी। उन्होंने कहा कि 'मेरे पति शेर थे। शेर की तरह लौटे हैं। उन्होंने देश और परिवार, दोनों का नाम रोशन किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780123 Articles

Share this story