मप्रः स्कूल शिक्षा विभाग ने 5,017 नव-नियुक्त शिक्षकों को जारी किए नियुक्ति आदेश

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः स्कूल शिक्षा विभाग ने 5,017 नव-नियुक्त शिक्षकों को जारी किए नियुक्ति आदेश


- स्कूल शिक्षा मंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने पर दी बधाई

भोपाल, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग ने 5,017 नव-नियुक्त शिक्षकों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें माध्यमिक शिक्षक (हिन्दी, गणित, अंग्रेजी, संस्कृत, सामाजिक विज्ञान), माध्यमिक शिक्षक (खेल), माध्यमिक शिक्षक (गायन-वादन) के कुल 4067 एवं प्राथमिक शिक्षक (खेल, नृत्य एवं गायन-वादन) के पदों पर 950 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई है।

विभाग द्वारा ये नियुक्ति आदेश 3 एवं 4 जुलाई को जारी किए गए हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नव-नियुक्त शिक्षक बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि चयनित अभ्यर्थियों की मेहनत, लगन और प्रतिभा का परिणाम है। सभी नव-नियुक्त शिक्षक अपने ज्ञान, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यशैली के माध्यम से प्रदेश के विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा शिक्षा की गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

स्कूल शिक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और समाज के भविष्य को दिशा देने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उन्होंने सभी नव-नियुक्त शिक्षकों से अपेक्षा की है कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story