मप्रः अपेक्स बैंक के प्रशासक ने सहकारिता सप्ताह का किया शुभारंभ
भोपाल, 29 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सोमवार को सहकारिता सप्ताह की शुरुआत हुई। अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने भोपाल के अपेक्स बैंक में आयोजित भव्य समारोह में सहकारी ध्वज का ध्वजारोहण कर इसका शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रशासक यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश में सहकारिता आंदोलन के व्यापक प्रचार प्रसार युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने नई सहकारी समितियां के गठन तथा सहकार से समृद्धि के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिये सात दिवसीय व्यापी थीम पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रथम दिवस भोपाल के अपेक्स बैंक में सहकारी ध्वज का ध्वजारोहण एवं पौध-रोपण के बाद सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैंक के प्रशासक यादव ने सहकारिता की शपथ दिलाई एवं सामूहिक रूप से सहकारी गीत के गायन का आयोजन हुआ।
प्रशासक यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस वर्ष को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है और इसी कड़ी में 14 अप्रैल 2026 से प्रदेश में किसानों को सदस्य बनने के उद्देश्य से शुरू हुआ महासदस्यता अभियान जो 30 जून तक चलेगा, इसमें अधिक से अधिक किसानों को सहकारिता से जोड़ने और सदस्य बनाने की पहल की जाना अत्यंत आवश्यक है, तभी उन्हें कृषि व सहकारिता से संबंधी शासन की जनहित हितैषी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा।
प्रशासक यादव ने कहा कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद लगभग दो माह के भीतर मैंने महासदस्यता अभियान से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने की दिशा में एवं उनसे सीधा संवाद स्थापित करने के प्रयास के उद्देश्य से प्रदेश के सभी संभागों का द्वौरा किया है एवं मेरी अपेक्षा है कि अपेक्स बैंक में बैठने वाले वरिष्ठ अधिकारी भी एक-एक संभाग का एक सप्ताह का प्रवास कार्यक्रम बनाएं और उस संभाग के जिलों में भ्रमण कर संवाद की इस श्रृंखला को और गति प्रदान करते हुए अधिक से अधिक किसानों को इस महा अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
अपेक्स बैंक के प्रबंध संचालक मनोज गुप्ता ने आयोजन के उद्देश्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। आभार प्रदर्शन विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी अपेक्स बैंक अरुण मिश्रा ने किया एवं कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक आशीष राजौरिया ने किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

