मप्र में आंगनवाड़ियों की दीवारें अब सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से हुआ कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now
मप्र में आंगनवाड़ियों की दीवारें अब सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से हुआ कायाकल्प


मप्र में आंगनवाड़ियों की दीवारें अब सिखाएंगी ककहरा, जनभागीदारी से हुआ कायाकल्प


- गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा की दिशा में मध्य प्रदेश की अभिनव पहल

भोपाल, 15 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बचपन की पहली पाठशाला अब नए रंग-रूप में नजर आ रही है। कभी सामान्य भवनों और सीमित संसाधनों तक सिमटे आंगनवाड़ी केंद्र अब रंग-बिरंगी दीवारों, आकर्षक चित्रों, आधुनिक खेल सामग्री और डिजिटल शिक्षण सुविधाओं से सुसज्जित होकर बच्चों के लिए आनंददायी शिक्षा के केंद्र बन रहे हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी बिन्दु सुनील ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार की इस पहल से आंगनवाड़ियां केवल पोषण और स्वास्थ्य सेवाओं के केंद्र ही नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और बौद्धिक विकास को नई दिशा देने वाले जीवंत शिक्षण स्थलों के रूप में विकसित हो रही हैं।

उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न संस्थाओं और जनभागीदारी के सहयोग से आंगनवाड़ी केंद्रों का कायाकल्प किया जा रहा है। यह प्रयास प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी और आनंददायी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जनभागीदारी से आंगनवाड़ियों के कायाकल्प को नई गतिः मंत्री निर्मला भूरिया

महिला बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया का कहना है कि प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों के उन्नयन में जनभागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न संस्थाओं और स्थानीय समुदाय के सहयोग से केंद्रों की अधोसंरचना, शिक्षण सामग्री, खेल उपकरण और डिजिटल संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है। आवश्यकता के अनुसार पुराने एवं जीर्ण-शीर्ण भवनों का नवीनीकरण तथा पुनर्निर्माण भी किया गया है।

मंत्री निर्मला भूरिया ने बताया कि इस पहल से आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक वातावरण विकसित करने में सहायता मिल रही है। शासन के प्रयासों में समाज की सहभागिता से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं का विकास हो रहा है। यह पहल सामुदायिक सहयोग से सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर बनाने का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।

दीवारें बन रहीं किताबें, खेल-खेल में सीख रहे बच्चे

प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों की दीवारें अब बच्चों के लिए सीखने का नया माध्यम बन रही हैं। दीवारों पर उकेरे गए रंग-बिरंगे चित्र, पशु-पक्षियों की आकृतियां, वर्णमाला, अंक, प्रकृति और दैनिक जीवन से जुड़े रोचक दृश्य बच्चों को सहज रूप से सीखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बाल-अनुकूल शिक्षण वातावरण (BaLA) की अवधारणा के अनुरूप विकसित किए जा रहे इन केंद्रों में दीवारें भी शिक्षण सामग्री की भूमिका निभा रही हैं।

बच्चों की रुचि के अनुसार विशेष शिक्षण कोने, खिलौने, खेल क्षेत्र और रचनात्मक गतिविधियों के लिए स्थान विकसित किए जा रहे हैं। स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर शिक्षण को अधिक सहज और प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे बच्चों में आंगनवाड़ी आने के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ उनकी जिज्ञासा, कल्पनाशीलता और सीखने की क्षमता को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

डिजिटल नवाचारों से आधुनिक हो रही बचपन की पाठशाला

बदलते समय के साथ प्रदेश की आंगनवाड़ियां भी आधुनिक शिक्षण तकनीकों से जुड़ रही हैं। डिजिटल शिक्षण सामग्री, ऑडियो-विजुअल संसाधन, शैक्षणिक वीडियो, रोचक कहानियां और कविताएं बच्चों के लिए सीखने के नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। इन माध्यमों से बच्चों के भाषा विकास, स्मरण शक्ति, रचनात्मक सोच और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहन मिल रहा है। डिजिटल संसाधन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। इनके माध्यम से पूर्व-प्राथमिक शिक्षा की गतिविधियों को अधिक प्रभावी, सहभागितापूर्ण और रोचक बनाया जा सकता है। पारंपरिक खेल-आधारित शिक्षा और आधुनिक तकनीक का यह समन्वय बच्चों को भविष्य की शिक्षा के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप मजबूत हो रही प्रारंभिक शिक्षा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। इसी भावना के अनुरूप मध्यप्रदेश में 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों को गुणवत्तापूर्ण पूर्व-प्राथमिक शिक्षा के प्रभावी केंद्रों के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। इन केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के समन्वय से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खेल-आधारित गतिविधियां बच्चों को सहज रूप से सीखने का अवसर देती हैं और औपचारिक स्कूली शिक्षा के लिए उनकी बुनियाद मजबूत करती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777723 Articles

Share this story