मप्रः अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की यूनिट-5 ने 550 दिन बिना रुके बिजली उत्पादन कर रचा इतिहास

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की यूनिट-5 ने 550 दिन बिना रुके बिजली उत्पादन कर रचा इतिहास


भोपाल, 06 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) के अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई की 210 मेगावाट क्षमता की यूनिट नंबर 5 ने देश के विद्युत क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए बिना रूके 550 दिन विद्युत उत्पादन करने का रिकार्ड बनाया है।

जनसम्पर्क अधिकारी राजेश पाण्डेय ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि 1 अक्टूबर 2024 से ताप विद्युत गृह चचाई की यूनिट-5 निर्बाध रूप से विद्युत उत्पादन कर रही है। अमरकंटक ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर 5 की यह उपलब्धि इसे देश के सार्वजनिक क्षेत्र में तीसरी और स्टेट सेक्टर में पहली यूनिट है, जिसने इतनी लंबी अवधि तक सतत उत्पादन किया है।

98.74% पीएएफ किया दर्ज

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, तकनीकी दृष्टि से भी यूनिट नंबर 5 ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इस दौरान यूनिट ने 98.74% प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (PAF), 95.48% प्लांट लोड फैक्टर (PLF) व 9.28% ऑक्जलरी कंजम्प्शन जैसे उच्च मानक हासिल किए। ये प्रभावशाली आंकड़े स्पष्ट रूप से उस उच्च स्तर की दक्षता, विश्वसनीयता और तकनीकी उत्कृष्टता को दर्शाते हैं, जिसे प्लांट टीम द्वारा निरंतर बनाए रखा गया है।

पेशेवर रूख, प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि अमरकंटक ताप विद्युत गृह के यूनिट नंबर 5 की यह उपलब्धि गहन योजना, मज़बूत रखरखाव प्रक्रियाओं, बारीकी से की गई परिचालन निगरानी और पूरी परिचालन और रखरखाव टीम के अटूट समर्पण का परिणाम है। इतनी लंबी अवधि तक बिना किसी बड़ी रुकावट के निर्बाध परिचालन बनाए रखना अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई के पेशेवर रूख, प्रतिबद्धता और तकनीकी दक्षता का प्रमाण है।

यह उल्लेखनीय उपलब्धि न केवल ताप विद्युत गृह चचाई के लिए गौरव का विषय है, बल्कि यह मध्य प्रदेश के उपभोक्ताओं को विश्वसनीय और किफायती बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में MPPGCL के योगदान को भी काफी मज़बूत करती है। यह कंपनी के अन्य बिजली उत्पादन केंद्रों के लिए अनुकरण करने हेतु एक मानक स्थापित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story