पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण पहलू : कलेक्टर रुचिका चौहान

WhatsApp Channel Join Now
पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण पहलू : कलेक्टर रुचिका चौहान


- कलेक्टर ने शासकीय उ.मा. कन्या विद्यालय ठाठीपुर में छात्राओं से की चर्चा, छात्राओं को जीवन की सफलता का दिया मूल मंत्र

ग्वालियर, 04 अप्रैल (हि.स.)। जीवन में सफलता के लिये लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जरूरी है। केवल पढ़ाई से ही नहीं बल्कि खेलकूद भी जीवन का महत्वपूर्ण पहलू हैं। यह बात ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को शासकीय उमा कन्या विद्यालय ठाठीपुर में स्कूल चलें हम अभियान के तहत भविष्य से भेंट कार्यक्रम में छात्राओं से चर्चा करते हुए यह बात कही।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि स्कूल की पढ़ाई केवल जीवन को सफल बनाने के लिये नहीं, बल्कि एक अच्छा व्यक्तित्व निर्माण के लिये होती है। विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे सच्ची लन और मेहनत से प्राप्त करने के लिये संयम के साथ प्रयास करना चाहिए। कड़ी मेहनत करने वाले कभी भी असफल नहीं होते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता है। इसके लिये केवल मेहनत और लगन की आवश्यकता है। कलेक्टर ने छात्राओं से चर्चा करते हुए उनसे अनेक प्रश्न पूछे। इसके साथ ही उन्होंने अपने अनुभव भी छात्राओं से साझा किए। स्कूल के अध्यापकों से भी उन्होंने आग्रह किया कि स्कूल के बच्चों को अच्छे से पढ़ाएं और उनकी जो जिज्ञासायें हैं उनका भी समाधान करें। कोई बच्चा अगर किसी विषय में कमजोर है तो उसे नियमित रूप से ध्यान देकर पढ़ाएं ताकि उसकी कमजोरी दूर हो सके।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने सभी छात्राओं से भारत का नक्शा बनवाया। उन्होंने छात्राओं को बताया कि भारत का नक्शा इसलिये बनवाया है ताकि उन्हें मालूम हो सके कि हमारे देश में कौन-कौन से राज्य हैं और किन राज्यों में क्या-क्या विशेषतायें हैं। पढ़ाई के दौरान कई प्रश्नों के उत्तर देते समय भारत का नक्शा अगर छात्राओं ने ध्यान से बनाया और समझा है तो उत्तर देते में आसानी होती है।

कलेक्टर के निर्देश पर भविष्य से भेंट कार्यक्रम के तहत जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने भी विभिन्न स्कूलों में जाकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को जीवन के विभिन्न पहलुओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। जिले के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि उन्होंने अपने जीवन में किस प्रकार से सफलता के लिये तैयारी की और उन्हें पढ़ाई के दौरान किस-किस प्रकार की दिक्कतें सामने आती थीं और उनका क्या निदान है। भविष्य से भेंट कार्यक्रम के दौरान जिले के विभिन्न स्कूलों में छात्र-छात्राओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे जिनका अधिकारियों ने जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया। स्कूल के प्राध्यापकों ने भी अपने-अपने विद्यालय में भविष्य से भेंट कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story