विकास के साथ स्वच्छता को लेकर भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करें: विधानसभा अध्यक्ष तोमर

WhatsApp Channel Join Now
विकास के साथ स्वच्छता को लेकर भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करें: विधानसभा अध्यक्ष तोमर


- विधानसभा अध्यक्ष ने वार्ड-26 में किया लगभग 3.5 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण

ग्वालियर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि विकास के साथ-साथ हम सब स्वच्छता को लेकर भी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करें। शहर को साफ-सुथरा बनाने के लिये केवल नगर निगम के ही प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, इसमें हम सबको भी बराबर की भागीदारी करनी होगी।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने यह बातें मंगलवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर तिकोनिया पार्क मुरार में आयोजित हुए विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने वार्ड-26 के अंतर्गत विकास कार्यों की श्रृंखला चलाने के लिये क्षेत्रीय पार्षद ममता अरविंद शर्मा की सराहना की।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने इस अवसर पर वार्ड क्र.-26 के अंतर्गत लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये लागत के एक दर्जन विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। साथ ही वार्ड-26 की पार्षद ममता अरविंद शर्मा द्वारा 28 लाख रुपए की लागत से एक वाहन में तैयार कराई गई शीतल व शुद्ध पेयजल की चलित प्याऊ भी मुरार क्षेत्र के बाजारों के लिये समर्पित की।

जिन कार्यों का शिलान्यास व भूमिपूजन किया गया, उनमें वार्ड क्र.-26 की विभिन्न बस्तियों में बनने जा रही सीमेंट कंक्रीट की सड़कें, नालियां व सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष शहर जयप्रकाश राजौरिया, पार्षदगण गिर्राज कंषाना, ममता अरविंद शर्मा, रेखा त्रिपाठी व मंजूलता कुशवाह, जयसिंह कुशवाह, देवेश शर्मा, अशोक जैन, बैजनाथ घुरैया व अशोक जादौन सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं अपर आयुक्त नगर निगम टी. प्रतीक राव मंचासीन थे।

विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा स्वर्णिम भारत के निर्माण के लिये महती प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य है। हम सब भी इसमें पूरे समर्पण भाव से योगदान देने के लिये आगे आएं।

उन्होंने देश में आर्थिक विषमता को दूर करने के लिये सरकार द्वारा शुरू किए गए क्रांतिकारी कार्यक्रम मसलन जनधन खाता, मुद्रा योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना इत्यादि का विशेष रूप से उल्लेख किया। साथ ही कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का आह्वान किया कि आप सब सरकार की कौशल उन्नयन योजनाओं का लाभ उठाकर हुनरमंद बनें। इससे रोजगार मिलने में कठिनाई नहीं आयेगी।

नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने कहा कि वार्ड-26 में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती ममता अरविंद शर्मा के प्रयासों से लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। यहां के अन्य कार्य भी नगर निगम एवं सरकार की योजनाओं के तहत कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभापति निधि से भी वार्ड-26 में विकास कार्यों के लिये धनराशि उपलब्ध कराई गई है।

आरंभ में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही उन्होंने बाबा साहब द्वारा देश के निर्माण में दिए गए योगदान का उल्लेख कर अपने उदबोधन की शुरूआत की। विधानसभा अध्यक्ष ने पट्टिकाओं का अनावरण कर लगभग साढ़े 3 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने तिकोनिया पार्क में गोगादेव महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story