भोपाल की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य : कलेक्टर मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य : कलेक्टर मिश्रा


भोपाल की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी विभाग मिलकर करें कार्य : कलेक्टर मिश्रा


- राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न

भोपाल, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सहभागिता के साथ मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जन-स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए एकीकृत कार्ययोजना बनाकर धरातल पर कड़ाई से अमल सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर मिश्रा ने गुरुवार को नगर निगम कार्यालय के सभागार में राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। कल्याणकारी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि भोपाल के मुख्य वायु प्रदूषकों—मुख्यतः पर्टिकुलेट मैटर (पीएम 10 एवं पीएम 2.5), कार्बन मोनोऑक्साइड तथा नाइट्रोजन डाइऑक्साइड के स्तर पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि हर विभाग अपने-अपने स्तर पर एक समयबद्ध एक्शन प्लान तैयार करे और उसकी नियमित समीक्षा करे।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्मार्ट सिटी तथा एनएचएआई द्वारा निर्माणाधीन सड़कों एवं विकास कार्यों से उड़ने वाली धूल पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर जल छिड़काव और वैज्ञानिक उपायों के कड़े निर्देश जारी किए गए। सड़क परिवहन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर बल देते हुए कलेक्टर मिश्रा ने निर्देश दिए कि 15 वर्ष से पुराने एवं अत्यधिक धुआं छोड़ने वाले वाहनों पर आरटीओ द्वारा कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, ई-वेकल्स एवं हरित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, तथा शीतकालीन कार्ययोजना के अंतर्गत कचरा, सूखी पत्तियां या पराली जलाने की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए गए। रेलवे स्टेशन एवं पटरियों के किनारे फैले कचरे के त्वरित निस्तारण के लिए रेल प्रशासन के साथ त्वरित समन्वय स्थापित करने को कहा गया।

पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी को सर्वोपरि बताते हुए मिश्रा कहा कि सभी सुरक्षा एवं सुधारत्मक उपाय इस प्रकार से लागू किए जाएं, जिससे आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और उन्हें स्वच्छ वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव हो। तंदूर, भट्ठियों, गिट्टी क्रशरों तथा निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण मानकों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। शहर भर में रोड स्वीपिंग मशीनों से नियमित सफाई, हरित पट्टियों के विकास और सघन वृक्षारोपण के साथ भोपाल को स्वच्छ, हरित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सभी विभागों को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780123 Articles

Share this story