भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी बनाने के लिए सभी विभाग मिशन मोड में करें कार्यः सांसद आलोक शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी बनाने के लिए सभी विभाग मिशन मोड में करें कार्यः सांसद आलोक शर्मा


- जनकल्याण शिविर में नागरिकों की समस्याओं का हुआ त्वरित निराकरण

भोपाल, 13 नवंबर (हि.स.)। भोपाल को देश की नंबर-वन राजधानी बनाने तथा स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने के लिए सभी विभाग समन्वित कार्ययोजना के साथ मिशन मोड में कार्य करें। इसके लिए प्रभावी मॉनीटरिंग व्यवस्था विकसित कर नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।

यह निर्देश भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को गीतांजलि वार्ड-13 के टीलाजमालपुरा में आयोजित जनकल्याण शिविर में दिए। उन्होंने बड़े तालाब के संरक्षण, भोज वेटलैंड प्राधिकरण के गठन तथा तालाब की जैव विविधता सुरक्षित रखने के लिए भी प्रभावी पहल करने पर जोर दिया।

शिविर में महापौर मालती राय ने नागरिकों की पेयजल संबंधी समस्याओं पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टीलाजमालपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों में 1,300 से अधिक पेयजल कनेक्शनों की जांच कर डबल नल-जल कनेक्शन एवं दोहरे बिल की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर में सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, क्षेत्रीय पार्षद मनोज राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

सांसद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान शासन की संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकल्याणकारी कार्यप्रणाली का प्रभावी उदाहरण है। अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं नागरिकों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा, आवास एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिविर में ही 100 से अधिक युवाओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया गया।

उन्होंने कहा कि 7 अगस्त से प्रारंभ हुआ मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सुशासन एवं जनसेवा के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का परिचायक है। प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले शिविर प्रदेशभर में नागरिकों की समस्याओं के निराकरण और पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं।

पेयजल कनेक्शन एवं दोहरे बिल की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा निराकरण

महापौर मालती राय ने कहा कि सरकार आपके द्वार की भावना के अनुरूप जनकल्याण शिविरों के माध्यम से नगर निगम एवं विभिन्न विभागों की सेवाएं सीधे नागरिकों तक पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें।

नागरिकों द्वारा डबल नल-जल कनेक्शन एवं दोहरे बिल की समस्या से अवगत कराने पर महापौर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीलाजमालपुरा एवं आसपास के क्षेत्रों में 1,300 से अधिक पेयजल कनेक्शनों का परीक्षण किया जाए। नगर निगम के राजस्व विभाग एवं पेयजल शाखा के अधिकारी समन्वय से कार्रवाई कर कनेक्शन एवं बिल संबंधी विसंगतियों का उसी दिन निराकरण सुनिश्चित करें।

स्वच्छ, सुंदर एवं हरित भोपाल के लिए सामूहिक सहभागिता आवश्यक : संभागायुक्त

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि भोपाल को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहर बनाने के लिए प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वार्ड एवं ब्लॉक स्तर पर सीएम हेल्पलाइन तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों एवं लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें। आगामी एक माह में आयोजित होने वाले जनकल्याण शिविरों की तैयारियां पूर्व से प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए, ताकि नागरिकों को अधिकाधिक शासकीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा सके।

क्षेत्रीय भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का किया निरीक्षण

शिविर के पश्चात महापौर मालती राय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर मिश्रा ने स्थानीय महिलाओं से संवाद कर साफ-सफाई, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण तथा कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने शासकीय माध्यमिक शाला टीलाजमालपुरा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा शैक्षणिक एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आधुनिक योग केंद्र विकसित करने की पहल

महापौर मालती राय एवं कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने टीलाजमालपुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कम्युनिटी आयुष मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीषा नागर से केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य एवं आयुष सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। डॉ. नागर ने बताया कि केंद्र में प्रतिदिन प्रातःकाल योग गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं। नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की मांग पर कलेक्टर ने यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त योग केंद्र विकसित करने के लिए प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

क्षेत्र भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने शासकीय माध्यमिक शाला टीला जमालपुरा का निरीक्षण भी किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का आयोजन 7 अगस्त, 2026 से 8 जनवरी, 2027 तक किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को जनकल्याण शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण, शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776615 Articles

Share this story