स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी व्यवस्थाएं हों चाक - चौबंद : संभागायुक्त शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी व्यवस्थाएं हों चाक - चौबंद : संभागायुक्त शर्मा


-संभागायुक्त ने भोपाल के लाल परेड ग्राउण्ड पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया

भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल संभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउण्ड भोपाल पर आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं चाक- चौबंद एवं त्रुटिरहित हों। स्वतंत्रता दिवस पूरी गरिमा और महिमा के साथ मनाया जाना चाहिए।

संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने शुक्रवार को लाल परेड ग्राउण्ड पर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा - निर्देश दिए। इस अवसर पर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, सेनानी 7वीं वाहिनी हितेश चौधरी तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

संभागायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश व्यवस्था, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, विभिन्न दीर्घाओं में बैठक व्यवस्था, ग्राउण्ड व्यवस्था, टेंट एवं प्रकाश व्यवस्था, सौन्दर्यीकरण, स्कूली बच्चों को लाने- लेजाने, बिठाने एवं उनके लिये स्वल्पाहार की व्यवस्था, मीडिया प्रवेश, उनकी वाहन पार्किंग एवं बैठक व्यवस्था, शुद्ध पेयजल व्यवस्था, प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था आदि के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली और दिशा - निर्देश प्रदान किए।

संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि बारिश के मद्देनजर सभी व्यवस्थाएं की जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से स्वतंत्रता दिवस की गरिमा और महत्व को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं उत्कृष्ट करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story