एमपी एग्रो की 52वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक मंत्री कुशवाह की अध्यक्षता में सम्पन्न

WhatsApp Channel Join Now
एमपी एग्रो की 52वीं वार्षिक साधारण सभा की बैठक मंत्री कुशवाह की अध्यक्षता में सम्पन्न


भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। एम.पी. स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की 52वीं वार्षिक साधारण सभा मंगलवार को एमपी एग्रो के पंचानन भवन स्थित सभागार में भोपाल में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में एमपी एग्रो के प्रबंध संचालक अरविंद कुमार दुबे सहित संचालक मंडल के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री कुशवाह ने निगम की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा किसानों, कृषि उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एमपी एग्रो को राज्य में कृषि आधारित उद्योगों, आधुनिक तकनीक और प्रसंस्करण गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।

साधारण सभा में वित्तीय वर्ष 2020-21 के लेखों को अंगीकृत किए जाने सहित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। वार्षिक साधारण सभा में निगम के संचालकों का प्रतिवेदन, 31 मार्च 2021 को समाप्त वित्तीय वर्ष की एकीकृत एवं समेकित बैलेंस शीट तथा लाभ-हानि खाते प्रस्तुत किए गए। साथ ही सांविधिक अंकेक्षकों की रिपोर्ट, भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की टिप्पणियों तथा निगम द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरणों पर भी चर्चा की गई तथा अन्य प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story