मप्रः एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान आज से शुरू

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान आज से शुरू


मप्रः एग्रीस्टेक, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान आज से शुरू


भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा रबी वर्ष 2026-27 के दौरान किसानों को सुव्यवस्थित रूप से खाद उपलब्ध कराने और कृषि योजनाओं का लाभ देने के उद्देश्य से प्रदेशभर में आज गुरुवार से “एग्रीस्टेक पंजीयन, पैक्स सदस्यता एवं अग्रिम उर्वरक उठाव अभियान” शुरू होने जा रहा है।

कृषि विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह राज्य के सभी जिलों में अभियान 15 सितंबर तक संचालित होगा। शासन के निर्देशानुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रबी सीजन में उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना, किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से टोकन जनरेट करने की सुविधा प्रदान करना, पैक्स की सदस्यता बढ़ाना तथा किसान क्रेडिट कार्ड सेचुरेशन के लक्ष्य को पूरा करना है।

इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर 20 अगस्त से पूर्व उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित कर जनप्रतिनिधियों और मैदानी अमले को रणनीति से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद पैक्स स्तर पर सहकारी समितियों के माध्यम से नए सदस्यों को जोड़ना, केसीसी बनवाना, अग्रिम उर्वरक उठाव कराना और शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की गतिविधियों के साथ ई-टोकन प्रणाली का जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, ग्राम पंचायत स्तर पर पटवारी द्वारा किसानों की सूचियों का वाचन कर छूटे हुए किसानों की फार्मर आईडी मिशन मोड में बनाई जाएगी तथा गलत प्रविष्टियों को सुधारा जाएगा।

फसल उपार्जन (गेहूं, चना, सरसों, धान, मूंग आदि) उर्वरक व बीज प्राप्ति, कृषि यंत्रों के अनुदान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और ई-मंडी में फसल बेचने के लिए 'फार्मर आईडी' अनिवार्य की गई है। इस अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, सहकारिता विभाग, राजस्व विभाग तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story