अतिवर्षा से निपटने प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे, हर स्तर पर सतत मॉनिटरिंग होः संपतिया उइके

WhatsApp Channel Join Now
अतिवर्षा से निपटने प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे, हर स्तर पर सतत मॉनिटरिंग होः संपतिया उइके


- पीएचई मंत्री ने मंडला में ली संभावित अतिवर्षा को लेकर समीक्षा बैठक

मंडला, 11 जुलाई (हि.स.)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके ने शनिवार काे मंडला में अतिवर्षा की संभावित परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों की समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूरा प्रशासन अलर्ट मोड पर रहे तथा ग्राम स्तर तक प्रतिदिन सक्रिय मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

कलेक्ट्रेट स्थित गोलमेज कक्ष में आयोजित इस बैठक में कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने जिले में की गई तैयारियों से मंत्री को अवगत कराया। बैठक में एसएलआर हीरालाल तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी संबंधित विभागों को उनके दायित्व स्पष्ट कर दिए गए हैं। जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां किसी भी आपात स्थिति में 07642-251079 पर संपर्क कर सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री संपतिया उइके ने निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एंटी वेनम सहित आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें। उन्होंने कहा कि सर्पदंश की घटनाओं में लोग झाड़-फूंक पर भरोसा न करें, बल्कि मैदानी अमला तत्काल सक्रिय होकर पीड़ित को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना सुनिश्चित करे। बैठक में मंत्री ने नगर क्षेत्रों में जलभराव की समस्या रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इस पर एसडीएम सोनल सिडाम ने बताया कि रेडक्रॉस क्षेत्र एवं बड़चौराहा सहित संवेदनशील स्थानों पर जल निकासी की व्यवस्था कर दी गई है तथा सुभाष वार्ड में भी ड्रेनेज व्यवस्था सुचारु रखी जाएगी। वीसी के माध्यम से जुड़े एसडीएम आशुतोष सिंह ठाकुर ने जानकारी दी कि संभावित प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत शिविरों के लिए स्थान का चयन कर लिया गया है। जलभराव की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही होमगार्ड के दो प्रशिक्षित तैराक एवं मोटर बोट भी आपदा राहत कार्यों के लिए उपलब्ध हैं।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत शाश्वत सिंह मीना, एडीएम राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story