इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े

WhatsApp Channel Join Now
इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े


इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान न दें: संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े


इंदौर, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े ने बुधवार को सम्भाग के सभी कलेक्टर्स और पेट्रोल डीजल कंपनियों के वितरकों के साथ बैठक की। बैठक में कंपनियों के पास मौजूदा समय में उपलब्ध स्टॉक सहित नागरिकों द्वारा बनाये गए पैनिक की स्थिति के मद्देनजर जिलो में पेट्रोल-डीजल के सप्लाई चेन को निर्बाध्य रूप से सतत पूरी करने के निर्देश दिए।

सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक हमेशा रहता है और बुधवार को भी पर्याप्त स्टॉक रहा। कंपनियों द्वारा भी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध किया गया है। इस सम्बंध में इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने स्पष्ट किया है कि इंदौर एवं इंदौर संभाग में पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक न हों।

बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि संभाग में वर्तमान में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा भविष्य की आवश्यकता के लिए भी पर्याप्त स्टॉक सुरक्षित है। ऑयल कंपनियों को नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही बढ़ती मांग को देखते हुए सप्लाई चेन को भी सुदृढ़ किया जा रहा है।

संभागायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहनों के अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भण्डारण न करें, क्योंकि इसकी कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सामान्य दिनों की तरह ईंधन की उपलब्धता निरंतर बनी हुई है। प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर निगरानी रखे हुए है तथा नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

वितरक कंपनियों द्वारा जिला प्रशासन के साथ स्टॉक की उपलब्धता शेयर करेगा

बैठक में सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम व हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों से कहा कि जिलो में भी जिला प्रशासन के साथ स्टॉक की उपलब्धता के सम्बंध में डेटा शेयर करेंगे। संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि वितरण व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दें। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पम्पों पर स्टॉक उपलब्ध कराया जाए। आगे भी इस व्यवस्था को बनायें तथा सभी पेट्रोल पम्पों पर अनाउंस सिस्टम पर उपभोक्ताओं को संबोधित करें। इसके अलावा वितरक कंपनियां ब्लैक मार्केटिंग करने वाले डीलर पर तत्काल कार्यवाही करें।

मांगलिया डिपो से पेट्रोल-डीजल की सुचारू आपूर्ति, अफवाहों से दूर रहने की अपील

इंदौर जिले में पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर बुधवार सुबह 6 बजे से मांगलिया स्थित एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम एवं इंडियन ऑयल के डिपो पर टैंकरों में ईंधन भरने का कार्य तेज गति से प्रारंभ कर दिया गया।

बताया गया कि सुबह 8 बजे तक मांगलिया डिपो से हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 25 टैंकर लोरियां, भारत पेट्रोलियम की 17 तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की 19 टैंकर लोरियां विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए रवाना हो चुकी हैं। डिपो पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध है और पूरी क्षमता के साथ टैंकरों को भरा जा रहा है।

जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही सक्रिय होकर मांगलिया डिपो तथा फील्ड के पेट्रोल पंपों का सतत निरीक्षण कर रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित रूप से जारी है।

इंदौर में 149 रुपये प्रति लीटर पेट्रोल के वायरल वीडियो पर खाद्य विभाग ने बताई वस्तुस्थिति

इंदौर शहर के लोहा मंडी क्षेत्र में पेट्रोल 149 रुपये प्रति लीटर बिकने के वायरल वीडियो को लेकर उठे सवालों पर खाद्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, वीडियो में दिखाया गया पेट्रोल सामान्य पेट्रोल नहीं बल्कि एक्सपी 100 (XP100) कैटेगरी का प्रीमियम पेट्रोल है, जिसकी कीमत पहले से ही अधिक निर्धारित होती है। खाद्य विभाग ने बताया कि XP100 पेट्रोल 100 ऑक्टेन नंबर वाला प्रीमियम फ्यूल होता है, जो हाई-परफॉर्मेंस वाहनों के लिए उपयोग किया जाता है। इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल की तुलना में ज्यादा रहती है और वर्तमान में यह लगभग 149 रुपये प्रति लीटर के आसपास ही उपलब्ध है।

वायरल वीडियो की सत्यता को लेकर विभाग ने नापतोल (माप-तौल) विंग से भी जांच कराई। जांच में पाया गया कि पेट्रोल पंप की मशीन में दर्ज 149 रुपये प्रति लीटर की दर पूरी तरह सही है और इसमें किसी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई। खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक जानकारी या वीडियो पर विश्वास करने से पहले तथ्य जरूर जांच लें और अफवाहों से बचें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story