मप्रः भोपाल में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अव्यवस्थाओं पर प्रशासन सख्त

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः भोपाल में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता, अव्यवस्थाओं पर प्रशासन सख्त


- एडीएम ने गैस एजेंसियों का किया निरीक्षण, कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

भोपाल, 04 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एलपीजी को लेकर सामने आ रही अव्यवस्थाओं और गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों की खबरों के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने गैस एजेंसियों पर सख्ती शुरू करते हुए निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।

इसी क्रम में अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) सुमित पांडेय ने शनिवार को शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर एलपीजी के मौजूदा स्टॉक और डिलीवरी व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने एजेंसियों पर मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और एजेंसी संचालकों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

एडीएम पांडेय ने स्पष्ट किया कि भोपाल में एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आम नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गैस एजेंसी मनमानी, कालाबाजारी या कृत्रिम कमी पैदा करते हुए पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति न बने।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story