मप्रः शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर


- रिक्त सीटों पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर 21 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग

भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 में उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश का एक और अवसर प्रदान किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने स्नातक एवं स्नातकोत्तर कक्षाओं में रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अतिरिक्त कॉलेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) चरण की अवधि 21 से 31 अगस्त तक बढ़ा दी है। इस चरण में विद्यार्थियों को उपलब्ध रिक्त सीटों पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

उच्च शिक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को जारी निर्देशों के अनुसार प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में उपलब्ध रिक्त सीटों पर निर्धारित अवधि में प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी। महाविद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि पात्र विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया समय-सीमा में पूर्ण कराते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराएं। 31 अगस्त को निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद प्रवेश मान्य नहीं होगा।

राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी जारी

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रदेश के शासकीय, अनुदान प्राप्त अशासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण की समय-सारणी भी जारी की गई है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को पंजीयन से लेकर प्रवेश शुल्क भुगतान तक निर्धारित तिथियों में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

20 से 24 अगस्त तक पंजीयन एवं आवेदन

शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए द्वितीय अतिरिक्त चरण में पंजीयन एवं आवेदन 20 से 24 अगस्त तक किए जा सकेंगे। पंजीकृत आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन 20 से 25 अगस्त तक किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के उपरांत मेरिट सूची 27 अगस्त को जारी की जाएगी। इसके बाद 29 अगस्त को सीट आवंटन किया जाएगा।

महाविद्यालय आवंटित विद्यार्थियों को 29 अगस्त से 2 सितंबर तक आवंटित हेल्प सेंटर पर मूल दस्तावेज एवं टीसी/माइग्रेशन प्रमाण-पत्र के साथ उपस्थित होकर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए लिंक ई-केवाईसी कराना होगा।

आवंटित महाविद्यालय में प्रवेश शुल्क का भुगतान 29 अगस्त से 3 सितंबर तक किया जा सकेगा। निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रवेश शुल्क जमा करने वाले आवेदकों का ही प्रवेश मान्य होगा। शुल्क का भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में प्रवेश मान्य नहीं होगा।

उच्च शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित महाविद्यालयों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया का सुचारु एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करें तथा विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी आवश्यक जानकारी, मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि कोई पात्र विद्यार्थी प्रवेश के अवसर से वंचित न रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story