मप्रः प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस पर शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ जलेंगे आशीर्वाद के दीये

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः प्रधानमंत्री मोदी के जन्म दिवस पर शाम 7 बजे पूरे प्रदेश में एक साथ जलेंगे आशीर्वाद के दीये


- प्रदेश के प्रत्येक जिले के आइकॉनिक स्थानों, सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में होगा सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन

भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के शुभ अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक 'सेवा संकल्प अभियान-2026' की शुरुआत की जा रही है। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगा, जिसके तहत शाम ठीक 7 बजे प्रदेश के प्रत्येक जिले के आइकॉनिक स्थानों, सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में एक साथ सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा।

मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन स्थित 'श्री महाकाल महालोक' में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में 10 प्रमुख आइकॉनिक स्थानों का चयन किया गया है। इनमें धार्मिक व आध्यात्मिक केंद्र जैसे उज्जैन का श्री महाकाल महालोक, ओरछा का श्री राम राजा लोक, सलकनपुर देवी लोक, प्रमुख मंदिर और पवित्र नदियों के घाट शामिल हैं। इसके साथ ही विकास और निर्माण की प्रतीक परियोजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना के मोहल्ले व कॉलोनियों, नव-निर्मित पुलों, बांधों, अमृत सरोवरों, स्थानीय जल संरचनाओं और नर्मदा घाटी विकास की परियोजनाओं पर भी दीये जलाए जाएंगे।

स्वास्थ्य, ऊर्जा और शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी अवसंरचनाएं भी इस आयोजन का मुख्य केंद्र रहेंगी। एम्स, आयुष्मान योजना से सूचीबद्ध अस्पतालों, औषधालयों, जन-औषधि केंद्रों, सोलर पार्क व नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं, विद्यालयों, कॉलेजों, पंचायत भवनों तथा सामुदायिक केंद्रों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन होगा। इसके अतिरिक्त प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, किलों और प्रमुख सार्वजनिक व पर्यटन स्थलों पर भी दीप जलाकर जनसेवा का संकल्प लिया जाएगा।

इस अवसर पर स्व-सहायता समूहों की बहनें, लाड़ली बहना योजना की हितग्राही, किसान, युवा, विद्यार्थी और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story