मप्रः रामनगर में 15 मई से सजेगा भव्य आदि उत्सव, जनजातीय संस्कृति की दिखेगी झलक
- सांसद कुलस्ते ने अधिकारियों के साथ किया आयोजन स्थल का निरीक्षण
मंडला, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रामनगर में आगामी 15 एवं 16 मई को आयोजित होने वाले दो दिवसीय “आदि उत्सव” को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार को सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर जनजातीय संस्कृति, परंपरा, लोक कला और जनजातीय गौरव को समर्पित इस भव्य आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आयोजन को व्यवस्थित, आकर्षक और जनसहभागिता से परिपूर्ण बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, प्रफुल्ल मिश्रा, जयदत्त झा, कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम सोनाली देव तथा प्रशिक्षु आईएएस शैलेन्द्र चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मंचीय एवं बैठक व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए निर्धारित स्थान, वीआईपी बैठक व्यवस्था, आम नागरिकों के बैठने की सुविधा, पार्किंग स्थल तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का विस्तार से निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने आयोजन में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा की।
सांसद कुलस्ते ने कहा कि “आदि उत्सव” केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत, कला, परंपराओं और प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन स्थल पर सभी मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराई जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
लोक संस्कृति और आदिवासी प्रतिभाओं का होगा सम्मान
दो दिवसीय उत्सव का शुभारंभ 15 मई को होगा। विदित है कि कार्यक्रम में विभिन्न विशिष्ट अतिथियों का आगमन प्रस्तावित है। उत्सव के दौरान जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले लोक नर्तक दल अपनी पारंपरिक लोक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। जनजातीय संस्कृति की विविध छटाएं मंच पर देखने को मिलेंगी।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के राज परिवार के सदस्यों को भी विशेष रूप से सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज के इतिहास, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
16 मई को होगी संगोष्ठी और मेगा स्वास्थ्य शिविर
आदि उत्सव के दूसरे दिन 16 मई को विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जनजातीय संस्कृति, परंपरा, सामाजिक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसके साथ ही मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
आयोजन को बेहतर बनाने लिए गए सुझाव
निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा आयोजन को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाने के लिए सुझाव भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा के साथ व्यवस्थागत गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं तथा सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आदि उत्सव जिले की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने वाला आयोजन साबित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

