बैतूल में बनेगा 3 करोड़ की राशि से आधुनिक सर्किट हाउस, विधायक खंडेलवाल ने किया स्थल का निरीक्षण
बैतूल, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिला मुख्यालय पर नेशनल हाईवे मार्ग पर अव्यवस्थित होने तथा बढ़ते वीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए तीन करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के साथ वर्तमान सर्किट हाउस परिसर में प्रस्तावित नवीन भवन निर्माण स्थल का अवलोकन किया।
विधायक खंडेलवाल ने निर्देश दिए कि नवीन सर्किट हाउस में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉन्फ्रेंस हॉल एवं उत्कृष्ट श्रेणी के कमरों का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सर्किट हाउस भवन ऐतिहासिक धरोहर है, इसलिए इसे रेस्ट हाउस के रूप में संरक्षित एवं उपयोग में रखा जाए। उन्होंने यहां 80 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि से नवीन कमरे एवं डोरमेट्री निर्माण के भी निर्देश दिए। साथ ही, नए सर्किट हाउस और रेस्ट हाउस के लिए संयुक्त अत्याधुनिक किचन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीओ पीआईयू अजय सिंह तोमर ने बताया कि नवीन सर्किट हाउस/ अतिरिक्त कक्षों के निर्माण के लिए 3 करोड़ की राशि का आरंभिक बजट का प्रावधन किया गया हैं। निरीक्षण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षत जैन, एसडीएम अभिजीत सिंह, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग श्रीमती प्रीति पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

