भोपाल में सामुदायिक मध्यस्थता का 40 घंटे का प्रशिक्षण शुरू

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में सामुदायिक मध्यस्थता का 40 घंटे का प्रशिक्षण शुरू


- नगर सुरक्षा समिति के सदस्य और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सीखेंगे संवाद और सहमति से विवाद सुलझाने के तरीके

भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में स्थानीय विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले संवाद और आपसी सहमति से सुलझाने के उद्देश्य से बुधवार को भोपाल में 40 घंटे का सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण शुरू हुआ।

मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर और कम्युनिटी पुलिसिंग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम देश में अपनी तरह की पहली पहल है। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित नगर सुरक्षा समिति के सदस्य और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

यह पहल मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे के नेतृत्व तथा प्रशासनिक न्यायाधिपति एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति विवेक रूसिया के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इसका उद्देश्य न्याय तक आमजन की पहुंच आसान बनाना और समुदायों को स्थानीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार करना है।

संवाद और सहमति से मजबूत होगा सामाजिक विश्वास

कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अध्यक्षीय उद्बोधन में भोपाल के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि आपसी संवाद, समझाइश और सहमति से विवाद सुलझाने पर समाज में शांति, सद्भाव और विश्वास बढ़ता है। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव सुमन श्रीवास्तव ने कहा कि जिस तरह ध्यान शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक है, उसी तरह मध्यस्थता रिश्तों में संवाद, विश्वास और सामंजस्य बनाए रखने में मदद करती है।

कम्युनिटी पुलिसिंग के डीआईजी विनीत कपूर ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के लिए पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सहयोग और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सामुदायिक मध्यस्थता को इस भागीदारी को मजबूत करने वाली पहल बताया। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के कार्यपालक निदेशक विवेक कटारे ने सामाजिक विकास में जनभागीदारी और संस्थाओं के बीच समन्वय की भूमिका पर प्रकाश डाला।

न्यायालय जाने से पहले स्थानीय स्तर पर समाधान में मदद करेंगे प्रशिक्षित प्रतिनिधि

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भोपाल के सचिव हिमांशु कौशल ने बताया कि प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को मध्यस्थता के सिद्धांतों, निष्पक्षता, प्रभावी संवाद और विवाद समाधान के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागी अपने क्षेत्रों में विवाद से जुड़े पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने और उन्हें आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचने में मदद कर सकेंगे। वरिष्ठ प्रशिक्षक अनुजा सक्सेना ने मध्यस्थता की प्रक्रिया और प्रभावी संवाद के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी।

सहायक प्रशिक्षक संगीता श्रीवास्तव ने मध्यस्थता के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाने के तरीकों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अतिरिक्त सचिव अरविंद श्रीवास्तव, उप सचिव अनिरुद्ध जैन और भोपाल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अग्निंद्र कुमार द्विवेदी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विधिक सहायता अधिकारी मुहम्मद जीलानी ने किया। कम्युनिटी पुलिसिंग, भोपाल के एआईजी अमृत मीणा ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story