मप्रः किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज़ के 165 विजेता किसानों का लॉटरी के माध्यम से चयन
- मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल में स्थापना दिवस पर विजेताओं को वितरित करेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटर
भोपाल, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में किसानों के कल्याण, स्वाभिमान और समृद्धि के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग की संयुक्त पहल पर आयोजित ‘किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व’ राज्य स्तरीय इनामी क्विज प्रतियोगिता के 165 विजेता किसानों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया।
मंगलवार को चयन समिति के माध्यम से लॉटरी निकालकर प्रदेश के 55 जिलों से किसान विजेताओं का चयन किया गया। सभी किसान विजेताओं को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विजेता किसान संदीप वर्मा को प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, सुहानी राजपूत को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल और समीर गौड़ को तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटर प्रदान करेंगे। अन्य जिलों में प्रभारी मंत्रियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए जायेंगे।
यह जानकारी मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने दी। उन्होंने कहा कि पुरस्कारों की दृष्टि से यह प्रतियोगिता देश में अपने प्रकार की पहली और सबसे बड़ी पहल है। प्रथम पुरस्कार के रूप में 55 ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 55 बुलेट मोटरसाइकिल, तृतीय पुरस्कार के रूप में 55 ई स्कूटर शामिल है।
40 हजार से अधिक किसान प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
श्रीराम तिवारी ने कहा कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज एक ऑनलाइन जागरूकता प्रतियोगिता थी, जिसका आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक किया गया। इसमें किसानों के कल्याण, कृषि विकास और शासन की विभिन्न योजनाओं से संबंधित 24 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों को प्रश्न हल करने के लिए 24 मिनट का समय दिया गया। प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक निर्धारित था तथा गलत या अनुत्तरित प्रश्नों के लिए कोई नकारात्मक अंकन नहीं था। प्रतिभागियों के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को मान्य किया गया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में लगभग 40 हजार किसानों ने भाग लिया। इनमें से 15,298 किसान प्रतिभागियों को 24 में से 24 अंक प्राप्त करने के आधार पर तैयार अंतिम मेरिट सूची में शामिल किया गया। मेरिट सूची में 13,091 पुरुष, 2,201 महिला और छह अन्य प्रतिभागी शामिल हैं। आयु वर्ग के अनुसार 108 प्रतिभागी 18 वर्ष तक, 9,408 प्रतिभागी 19 से 40 वर्ष तथा 5,782 प्रतिभागी 40 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
सभी 55 जिलों से इन किसान विजेताओं को मिलेगा ट्रैक्टर
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 55 जिलों के विजेताओं का चयन किया गया। प्रत्येक जिले से प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए तीन-तीन विजेताओं का चयन किया गया है। भोपाल जिले में संदीप वर्मा प्रथम, सुहानी राजपूत द्वितीय और समीर गौड़ तृतीय स्थान पर रहे। अन्य जिलों में श्योपुर से विपिन रावत, मुरैना से रामजी लाल धाकड़, भिंड से जगमोहन बघेल, ग्वालियर से कृष्णा रावत, शिवपुरी से उमेश कुमार लोधी, गुना से अंगूरी अग्रवाल, अशोकनगर से उपेन्द्र यादव, दतिया से जितेन्द्र अहिरवार, देवास से मनोहर पंवार, रतलाम से जितेंद्र गुर्जर, शाजापुर से तेजकुँवर बाई परमार, आगर मालवा से पवन कुमार, मंदसौर से खुमान सिंह, नीमच से जुगल गरासिया, उज्जैन से रोहित अंजना, इंदौर से जितेन्द्र मौर्य, धार से किशोर यादव, अलीराजपुर से कलम सिंह डुडवे, झाबुआ से नरेन्द्र पोरवाल, खरगोन से श्याम पाटीदार, बड़वानी से राकेश सस्ते, खंडवा से विनोद पंवार, बुरहानपुर से पवन गढ़वे, सीहोर से हर्ष यादव, रायसेन से सतमेश बघेल, राजगढ़ से नवीन मीणा, विदिशा से प्रसेन सिंह, बैतूल से कमरजा काले, नर्मदापुरम से वीरेन्द्र लोवंशी, हरदा से कपिल जाट, सागर से जयहिंद राजपूत, दमोह से संध्या जैन, पन्ना से श्री कृष्ण पटेल, छतरपुर से जसवंत सिंह, टीकमगढ़ से अखलेश यादव, निवाड़ी से राजेन्द्र कुमार कुशवाहा, जबलपुर से अनिल पटेल, कटनी से राजाराम पटेल, नरसिंहपुर से अरविंद कुमार मेहरा, छिंदवाड़ा से चंद्रा चंद्रवंशी, पांढुर्ना से लक्ष्मीकांत किंकर, सिवनी से विकास पंचेश्वर, मंडला से शालू बड़गैयां, डिंडौरी से विकास ठाकुर, बालाघाट से दिवला पटले, रीवा से संतोष द्विवेदी, सिंगरौली से आशीष सिंह, मऊगंज से दिनेश कुशवाहा, शहडोल से ब्रजराज सिंह जोधावत, अनूपपुर से चंदन सिंह, उमरिया से राम प्रमोद गुप्ता, सीधी से प्रांशु गुप्ता, सतना से विद्या सोनी, मैहर से कृष्णा तिवारी अपने-अपने जिलों में प्रथम स्थान पर रहे। इसी प्रकार प्रदेश के अन्य जिलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया गया है। विजेताओं के नाम वेबसाइट - https://quiz.veerbharatnyas.com/vijeta पर अपलोड किये जा चुके है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदेश के प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए भोपाल जिले के विजेता किसानों को मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जायेगा। सभी चयनित विजेताओं को स्थापना दिवस के अवसर पर पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे।
किसान सम्मान और जागरूकता का अभिनव प्रयास
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव ने कहा कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के माध्यम से किसानों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ कृषि विकास और किसान सम्मान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ऑनलाइन क्विज के जरिए बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने कृषि एवं किसान कल्याण से संबंधित विषयों पर अपनी जानकारी साझा की। पूर्ण अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों की जिलेवार मेरिट सूची तैयार करने के बाद चयनित विजेताओं का निर्धारण लॉटरी के माध्यम से किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य किसान कल्याण की भावना को खेत-खेत तक पहुँचाना और किसानों को शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। पुरस्कारों के माध्यम से किसानों के योगदान को सम्मानित करने के साथ कृषि क्षेत्र के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने की पहल की गई है।
इन विभागों का संयुक्त आयोजन
वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव तिवारी ने बताया कि किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत यह पहल संस्कृति विभाग के अंतर्गत वीर भारत न्यास, संस्कृति संचालनालय और जनसंपर्क विभाग द्वारा किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी के सहयोग से आयोजित की गयी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

