(अपडेट) शहडोल : मां ने 3 बेटियों को कीटनाशक खिला खुद भी खाया, चारों की मौत
शहडोल, 31 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के तहसील ब्यौहारी के ग्राम हिरवार, थाना पपौंध में रविवार को महिला ने अपनी तीन बेटियों को कीटनाशक खिला दिया, फिर खुद भी निगल लिया, जिससे चारों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कीटनाशक पीने के बाद चारों की तबीयत बिगड़ गई। बड़ी बेटी ने घर से बाहर आकर पड़ोसियों को पुकारा। सारी बात बताई। पड़ोसी चारों को लेकर ब्यौहारी अस्पताल भागे। जहां डॉक्टरों ने महिला और छोटी दो बेटियों को मृत घोषित कर दिया जबकि बड़ी बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अनिता सिंह (32) और उसकी बेटियों- रितिका (7), कृष्णकुमारी (4) और अर्पिता (2) के रूप में हुई है।
पड़ोसियों ने बताया कि अनिता का पति ड्राइवर है। रोजी-रोटी कमाने दूसरे शहर गया है। घटना के समय घर में मां-बेटियां ही थीं। सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पड़ोसियों के बयान दर्ज किए। महिला के पति को फोन कर जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि मौके से अल्मोनियम सल्फाइड का पैकेट मिला है। मामले की सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने कहा कि बड़ी बेटी रितिका ने पड़ोसियों को बताया कि अनीता ने बेटियों को खांसी की दवा कहकर कीटनाशक दिया था। फिर घर में रखे सभी दस्तावेज, कपड़े, फोटो और अनाज में आग लगा दी थी। कीटनाशक की कम मात्रा गले से नीचे जाने पर रितिका बेसुध नहीं हुई। वह घर से बाहर आई और शोर मचाया।
उन्होंने बताया कि रितिका इस बात की जानकारी नहीं दे पाई कि मां ने ये कदम क्यों उठाया? घर के आर्थिक हालत बहुत अच्छे नहीं हैं। अनीता का पति करीब दो महीने पहले परिवार से मिलने आया था।
सास-ससुर से अलग रहता था परिवार
पुलिस ने बताया कि अनीता अपने बच्चों को लेकर सास, ससुर से अलग रहती थी। पति उसे खर्च के लिए पैसे भेजता था। इसके अलावा वह खुद भी मजदूरी करती थी। पुलिस अब अनीता के मायकेवालों के बयान दर्ज करेगी, ताकि घटना का कोई सुराग मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

