मध्य प्रदेश में मदर डेयरी का दूध भी हुआ महंगा, 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़े दाम

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में मदर डेयरी का दूध भी हुआ महंगा, 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़े दाम


भोपाल, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। सांची और अमूल के बाद अब मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने प्रदेश में दूध की अलग-अलग वैरायटी की कीमतों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा किया है। नई दरें आज शनिवार से लागू हो गई हैं। इससे भोपाल, इंदौर समेत प्रदेश के कई शहरों के उपभोक्ताओं को अब दूध के लिए ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

मदर डेयरी की ओर से सभी वैरिएंट के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले 12 नवंबर को अमूल और 14 नवंबर को सांची ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। इस तरह कुछ ही दिनों के भीतर प्रदेश में दूध के तीन प्रमुख ब्रांड के दाम बढ़ गए हैं।

दिल्ली में पहले बढ़ाए थे दाम, अब एमपी में लागू किए नए रेट

मदर डेयरी ने 11 नवंबर को नई दिल्ली में दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की थी, लेकिन उस समय मध्यप्रदेश में नए रेट लागू नहीं किए गए थे। स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर्स के मुताबिक, प्रदेश में कंपनी की कीमतों में बदलाव का संबंध स्थानीय बाजार और दुग्ध संघों की दरों से भी रहता है। आमतौर पर सांची या स्थानीय दूध संघों के दाम बढ़ने के बाद दूसरी कंपनियां भी अपनी कीमतों की समीक्षा करती हैं। अमूल और सांची के रेट बढ़ने के बाद मदर डेयरी ने भी प्रदेश में नई दरें लागू कर दीं।

प्रदेश में रोजाना डेढ़ लाख लीटर दूध की सप्लाई

मध्य प्रदेश में मदर डेयरी की रोजाना सप्लाई करीब 1.5 लाख लीटर है। राजधानी भोपाल में ही कंपनी के दूध की खपत लगभग 25 हजार लीटर प्रतिदिन बताई गई है। इसके अलावा मंडीदीप, इटारसी, नर्मदापुरम, सागर, विदिशा, ललितपुर, हरदा और इंदौर में भी मदर डेयरी के दूध की आपूर्ति होती है। इन शहरों के उपभोक्ताओं पर नई कीमतों का असर पड़ेगा।

पैक्ड दूध की बिक्री में सांची सबसे आगे

प्रदेश में पैक्ड दूध की बिक्री में सांची की हिस्सेदारी सबसे अधिक बताई गई है। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भोपाल में सांची की रोजाना बिक्री करीब 3 लाख लीटर है, जबकि अमूल की खपत लगभग 80 हजार लीटर बताई गई है। इसके बाद मदर डेयरी का स्थान है। सौरभ और श्रीधी ब्रांड के दूध की संयुक्त खपत भी करीब एक लाख लीटर प्रतिदिन है। भोपाल में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर के बीच बताई गई है।दूध रोजमर्रा की जरूरत का हिस्सा है। ऐसे में कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर घरेलू बजट पर पड़ना तय है। खासकर उन परिवारों का मासिक खर्च बढ़ेगा, जहां रोजाना अधिक मात्रा में दूध खरीदा जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776991 Articles

Share this story