मुरैना: पत्नी के साथ सो रहे युवक की गोली लगने से मौत, हत्या या आत्महत्या?, जांच में उलझे सवाल
मुरैना, 03 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिहौनियां थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना सिहौनियां थाने के सामने वाली गली की बताई जा रही है। मृतक की पहचान लवकुश माहौर के रूप में हुई है।
जानकारी अनुसार 25 वर्षीय लवकुश सूरत (गुजरात) में मजदूरी करता था। वह 12 दिन पहले ही अपने घर आया था। उसकी पत्नी राखी ने हाल ही में बेटे को जन्म दिया था। नवजात की किलकारियों के बीच परिवार खुशियों में डूबा था और होली के बाद लवकुश के वापस काम पर लौटने की तैयारी थी। लेकिन इससे पहले ही यह घटना हो गई। घटना के समय लवकुश अपनी पत्नी के साथ कमरे में सो रहा था, जबकि घर के अन्य सदस्य बाहर सोए हुए थे। रात करीब 3 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन घबरा गए। जब कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो लवकुश अंदर मृत अवस्था में पड़ा था। उसकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
कमरे में टूटी चूड़ियां, विवाद की आशंका
पुलिस और एफएसएल टीम को जांच के दौरान कमरे में मृतक की पत्नी की टूटी हुई चूड़ियां मिलीं। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक संभावित पहलू है और सभी तथ्यों की गहराई से जांच की जा रही है। डीएसपी विजय भदौरिया के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की कनपटी पर गन पाउडर और कार्बन के अधिक निशान मिले हैं, जो इस ओर संकेत करते हैं कि गोली बेहद नजदीक से चलाई गई हो सकती है। अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही सामने आएगा।
भाई ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के छोटे भाई अनिल माहौर ने पड़ोसी विक्रम परमार पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि विक्रम छत के रास्ते घर में घुसा और लवकुश को गोली मारकर फरार हो गया। परिवार का दावा है कि छत पर उसकी चप्पल भी मिली है। अनिल के अनुसार, पिछले वर्ष 6 मार्च 2025 को परिवार में हुई एक शादी के दौरान विक्रम से विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश वह मन में रखे हुए था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, परिजनों के बयान और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

