मुरैना: शनिचरी अमावस्या पर शनिधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मुरैना: शनिचरी अमावस्या पर शनिधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन


मुरैना, 16 मई (हि.स.)। अमावस्या एवं भगवान शनिदेव के जन्मदिवस के पावन पर्व पर धर्म लाभ लेने के लिए देश भर से लाखों श्रद्धालु मुरैना जिले के ऐंती पर्वत पर पहुंच रहें हैं। त्रेतायुगीन भगवान शनिदेव के मंदिर में पूजा अर्चना व दर्शन कर धर्म लाभ ले रहे हैं।

श्रद्धालुओं का भगवान शनिदेव के प्रति अत्यधिक विश्वास है। भगवान शनिदेव के प्रकोप से बचने के लिए हवन आदि भी श्रृद्धालु कराते देखे गये। पूजा व दर्शन मात्र से श्रृध्दालुओं के संकट दूर हो जाते हैं वहीं श्रृद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होने से भगवान शनिदेव के प्रति अगाध श्रद्धा है। श्रृद्धालुओं को भगवान शनिदेव की पूजा व दर्शन से शांति मिलती है।

शनिचरी अमावस्या पर शनिधाम में आस्था का सैलाब देखने को मिले। इस अवसर पर देर रात तक लगभग 7 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान शनिदेव के दर्शन कर धर्मलाभ लिया। प्रशासन व पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये पांडाल, कूलर-पंखा, पेयजल, की उचित व्यवस्था की गई है।

बीती रात जिला के ऐंती पर्वत पर भगवान शनिदेव का पूर्ण अभिषेक करने के पश्चात गर्भ ग्रह के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ तथा पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा द्वारा भगवान शनि देव का पूर्ण अभिषेक किया गया । भगवान की पूजा अभिषेक पश्चात अधिकारियों ने जिला में शांति सुरक्षा के लिए भगवान शनिदेव से प्रार्थना की। इस अवसर पर चंबल संभाग के पूर्व आयुक्त एम के अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव, एडीएम अश्वनी रावत, एएसपी सुरेन्द्रपाल सिंह डाबर, व्यवसाई अनिल गोयल अल्ली, शशिकांत गोयल, सेवानिवृत्त सहायक यंत्री आरके गुप्ता सहित अनेक श्रद्धालुगण गर्भ गृह में उपस्थित थे।

श्रद्धालुओं को सहजता से दर्शन कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनेक व्यवस्थाएं की गई है। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूर्ण इंतजामात किए गए हैं। भगवान शनिदेव के प्रति अगाध श्रद्धा के चलते शनिचरी अमावस्या के आरंभ होने से पूर्व ही राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली से हजारों श्रद्धालु ऐंती पर्वत पर पहुंच चुके थे। इस बार शनिश्चरी अमावस्या तथा भगवान शनिदेव के जन्मदिवस एक साथ होने के कारण श्रृद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। गर्मी का प्रकोप होने के कारण श्रद्धालुओं को ठंडक देने के लिए गर्भ गृह से लेकर लगभग 1 किलोमीटर तक पांडाल लगाई गई है। वहीं जगह-जगह कूलर की व्यवस्था किए जाने से श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। आज देर रात तक सात लाख श्रद्धालुओं के दर्शन लाभ लेने की संभावना है। गर्भगृह के द्वार खुलने से आज देर सुबह तक पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मेले के चप्पे-चप्पे पर निगरानी बनाये हुये थे। वहीं प्रशासन के अधिकारी भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे थे।

भगवान शनिदेव को प्रसन्न करने श्रद्धालु कर रहे हैं तेलाभिषेक व दान

भगवान शनि देव को सरसों का तेल तथा पुराना लोहा, पुराने कपड़े, पुराने जूते, चप्पल तथा सिर के बाल अत्यधिक प्रिय होते हैं श्रृद्धालु काली वस्तुओं के साथ भगवान शनिदेव को प्रसन्न करने के लिये उपरोक्त वस्तुओं का दान कर रहे हैं। इस दान में व्यवस्था न हो इसके लिए प्रशासन द्वारा नई जोन, पुराने कपड़े ,पुराने जूते - चप्पल दान करने के प्रथक प्रथक स्थल निर्धारित किए हैं। श्रद्धालुओं के लिये अनेक स्नानागार बनाये गये हैं। वहीं भगवान शनिदेव के तेलाभिषेक के लिये कृत्रिम शनिदेव स्थापित किये गये हैं। इन पर श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित किया गया तेल व अन्य सामग्री भगवान की मूल प्रतिमा तक पाइप के माध्यम से पहुंच रही है। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मंदिर परिसर के सभी मार्गों पर एक दर्जन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। 24 घंटे के दौरान दो पालियों में लगभग 800 का पुलिस पर यहां तैनात किया गया है। जिला प्रशासन के सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों से आये श्रद्धालुओं की प्रसादी हेतु अनेक भंडारे संचालित किये गये हैं । जिनकी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी समाजसेवी व धर्मप्रेमी देख रहें हैं।

जिला कलेक्टर मुरैना लोकेश कुमार जांगिड़ का कहना है कि धर्म व आस्था का सैलाव ऐंती पर्वत स्थित भगवान शनिदेव के मंदिर पर देखा जा रहा है। पूर्ण अभिषेक पश्चात श्रद्धालुओं के लिये गर्भगृह के द्वारा खोल दिये गये हैं। श्रद्धालु भगवान शनिदेव के दर्शन कर धर्म लाभ ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये अनेक व्यवस्थाओं को अंजाम दिया गया है। इसका लाभ श्रद्धालु ले रहे हैं।

मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिये दो पाली में 800 से अधिक पुलिस का बल लगाया गया है। एक दर्जन पार्किंग बनाकर श्रद्धालुओं को वाहन रखने की सुरक्षित सुविधा प्रदान की गई है। अनेक जगह चेङ्क्षकंग पाइंट पर संदेही लोगों की तलाशी व पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी व ड्रॉन से लगातार निगरानी हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र गौतम

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story