मुरैना: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी

WhatsApp Channel Join Now
मुरैना: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी


मुरैना, 20 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रधानमंत्री द्वारा योजना की 23वीं किस्त जारी की गई। इस अवसर पर मुरैना जिले के 2 लाख 25 हजार 404 किसानों के बैंक खातों में कुल 45 करोड़ 9 लाख रुपये की राशि अंतरित की गई।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की शनिवार को 23वीं किस्त के वितरण कार्यक्रम का जिला स्तरीय आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, मुरैना में किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण वेबकास्ट के माध्यम से उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों को दिखाया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री का संबोधन ध्यानपूर्वक सुना तथा किसान हित में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कृषि क्षेत्र के विकास संबंधी विचारों से अवगत हुए। साथ ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत जारी की गई 23वीं किस्त का लाभ प्राप्त कर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story