मुरैना: जिला अस्पताल परिसर में भीषण आग, सिक्योरिटी इंचार्ज झुलसे
मुरैना, 27 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग स्थित ट्रॉमा सेंटर के पास बुधवार शाम करीब 4 बजे रखे कबाड़ में अचानक भीषण आग लगने से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ, स्थानीय समाजसेवी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रॉमा सेंटर के बगल में काफी मात्रा में पुरानी लकडि़यां एवं अन्य कबाड़ रखा हुआ था। प्रारंभिक आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के चलते कबाड़ में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। घटना के बाद अस्पताल स्टाफ और आसपास मौजूद लोगों ने रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग लगातार फैलती रही। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने काफी प्रयासों के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
आग बुझाने के दौरान जिला अस्पताल के सिक्योरिटी इंचार्ज भूरे सिंह तोमर झुलस गए। उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। घटना में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

