मुरैनाः पुरी से दिल्ली लौट रहे व्यक्ति की ट्रैन में हार्टअटैक से मौत

WhatsApp Channel Join Now
मुरैनाः पुरी से दिल्ली लौट रहे व्यक्ति की ट्रैन में हार्टअटैक से मौत


मुरैना, 10 जनवरी (हि.स.)। भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर ट्रेन से पुरी से दिल्ली लौट रहे युवक की शुक्रवार को मुरैना में हार्ट अटैक से मौत हो गई। शव को रेलवे पुलिस ने मुरैना स्टेशन पर उतरवाया और जिला अस्पताल में रखवाया। मृतक का नाम विनय कुमार सिन्हा बताया गया है। वह बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है। वह पत्नी मीणा सिन्हा और बेटे मनीष के साथ दिल्ली के ग्रेटर नोएडा में रह रहा था।

परिजनों ने बताया कि विनय पिछले 8-10 साल से हार्ट संबंधी बीमारियों से परेशान था। उनके हार्ट में ब्लॉकेज ज्यादा बढ़ गए थे। उन्होंने अपने परिवार के साथ भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने पुरी जाने का निर्णय लिया। गत तीन जनवरी को वह पत्नी मीणा, बेटे मनीष, बेटी नेहा और दामाद शक्ति सागर के साथ जगन्नाथ पुरी के लिए ट्रेन से रवाना हुए। सभी ने पांच जनवरी को भगवान के दर्शन किए। तीन दिन ठहरने के बाद उत्कल एक्सप्रेस (18477) लौट रहे थे।

विनय के दामाद शक्ति सागर ने बताया कि गुरुवार की रात उन्होंने ससुर को दवाई खिलाकर सुला दिया था। शुक्रवार को सुबह उन्हें जगाया तो उनकी सांसें तेज-तेज चल रही थीं। यह देख सभी घबरा गए। टीसी को खोजने निकले, आधे घंटे बाद टीटी उन्हें मिल गया। तब तक ट्रेन ग्वालियर क्रॉस कर चुकी थी। इस दौरान ससुर की तबीयत बिगड़ती जा रही थी। इसलिए उन्होंने जीआरपी से मदद मांगी। जीआरपी ने तत्काल मुरैना उतरने के लिए कहा। इसके बाद वे सीधे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जीआरपी थाना मुरैना के सब इंस्पेक्टर एनएस ठाकुर ने बताया कि हमको जैसे ही सूचना मिली कि ट्रेन में मरीज की हालत खराब है। हमनें उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया था, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story