मंदसौर में फिर सक्रिय हुआ मानसून, कई इलाकों में रिमझिम बारिश का दौर जारी
मंदसौर, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से धीमी पड़ी बारिश के बीच सोमवार को मंदसौर जिले में एक बार फिर मानसूनी गतिविधियां बढ़ गईं। सुबह से मंदसौर शहर सहित जिले के कई हिस्सों में रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। कुछ स्थानों पर हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हुई। वर्षा के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी तथा उमस से राहत मिली।
जिला मुख्यालय के अलावा दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित अधिकांश क्षेत्रों में सुबह से बारिश दर्ज की गई। लंबे अंतराल के बाद हुई बारिश से किसानों को भी राहत मिली है।
जिले में इस मानसून सीजन में अब तक 15.80 इंच औसत वर्षा दर्ज की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि तक 19.76 इंच बारिश हो चुकी थी। इस लिहाज से चालू वर्ष में अब तक करीब चार इंच कम वर्षा हुई है। जिले में वर्षा का वितरण अभी भी असमान बना हुआ है।
आगे भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंदसौर जिले में आगामी दिनों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 11 अगस्त को मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है। 12 अगस्त को हल्की बारिश अथवा गरज-चमक के आसार हैं। वहीं 13 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। 14 और 15 अगस्त को भी बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि इस दौरान बारिश की तीव्रता कम रहने का अनुमान है।
मौसम के मौजूदा हालात को देखते हुए जिले में मानसून पूरी तरह कमजोर नहीं पड़ा है। अगले तीन से चार दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विशेषकर 10 से 12 अगस्त के बीच गरज-चमक के साथ वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी 10 से 15 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में वृद्धि होने का अनुमान है।
मंदसौर जिले में आगामी दिनों में बादल छाए रहने के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम वर्षा हो सकती है। मौसम में बदलाव को देखते हुए किसानों को खेतों में कृषि कार्य के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

