मध्य प्रदेश में मानसून फिर हुआ सक्रिय, 8 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल, 28 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून ट्रफ सहित दो मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। आज मंगलवार को सतना, कटनी, उमरिया, मंडला, डिंडौरी, सिवनी, रायसेन और बैतूल समेत 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।
राजधानी भोपाल में सुबह से ही रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है। वहीं प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का अनुमान है। इनमें भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, रीवा, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी शामिल हैं।
औसत से 17% कम बारिश दर्ज
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक औसतन 13.2 इंच (336.7 मिमी) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस समय तक 16 इंच (407 मिमी) वर्षा होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब भी करीब 17 प्रतिशत बारिश की कमी बनी हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 20 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 15 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश के अधिकांश जिले अब भी सामान्य वर्षा से पीछे हैं। अब तक केवल भोपाल, भिंड, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, मंदसौर, राजगढ़ और सीहोर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। इनमें देवास सबसे आगे है, जहां औसत से 29 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है।
28 से 30 जुलाई तक रहेगा नए सिस्टम का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब अब पश्चिम बंगाल और उत्तर ओडिशा तट के करीब पहुंच चुका है। यह सिस्टम झारखंड और छत्तीसगढ़ से होते हुए मध्य भारत की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से 28 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

