दमोह: मोहरा गांव में भंडारे का भोजन खाने के बाद 30 से ज्यादा बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
दमोह: मोहरा गांव में भंडारे का भोजन खाने के बाद 30 से ज्यादा बीमार, जिला अस्पताल में भर्ती


दमोह, 11 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहरा गांव में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को मोहरा ग्राम के देवी मंदिर के पास भंडारे का आयोजन किया गया था, जिसमें गांव के बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन किया था। भोजन करने के बाद देर रात कई लोगों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई।

शनिवार को एक साथ बड़ी संख्या में मरीज जिला चिकित्सालय दमोह पहुंचे। जानकारी के अनुसार, करीब 30 से 40 लोग इस घटना से प्रभावित हुए हैं। इनमें से कई मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है, जबकि कुछ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तेजगढ़ में भी भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारी सक्रिय हो गए। टीम ने मोहरा गांव पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। भंडारे में बने भोजन और पेयजल के स्रोतों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

बताया जा रहा है कि प्रभावित लोगों ने भंडारे का भोजन करने के साथ ही हैंडपंप का पानी भी पिया था। इसके बाद देर रात एक-एक कर लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। आज सुबह बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। जिला चिकित्सालय में तैनात चिकित्सकों के अनुसार मरीजों की हालत पर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार उपचार दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सर्वे, दवा वितरण और एहतियाती कदम उठा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव

Share this story