राजगढ़ः मोहनीपुरा में शिव पावन धाम का लोकार्पण, राज्यमंत्री पंवार सहित हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः मोहनीपुरा में शिव पावन धाम का लोकार्पण, राज्यमंत्री पंवार सहित हुए शामिल


राजगढ़, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ब्यावरा के ग्राम मोहनीपुरा में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के नवनिर्मित शिव पावन धाम का रविवार को लोकार्पण किया गया। समारोह में संस्था की वरिष्ठ राजयोगिनी दीदियों, प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार, जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में भवन का उद्घाटन हुआ। इस दौरान आध्यात्मिक वातावरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

कार्यक्रम की शुरुआत में मोहनीपुरा सेवाकेंद्र की संचालिका बीके लक्ष्मी दीदी, बीके वैशाली दीदी और बीके राधिका दीदी ने अतिथियों का तिलक, पुष्पगुच्छ और बैज पहनाकर स्वागत किया। बहन सुनीता ने स्वागत भाषण दिया। वहीं कुमारी पीहू शर्मा और कुमारी इवांशी गर्ग ने नृत्य प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

समारोह में इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका राजयोगिनी बीके हेमलता दीदी, उज्जैन की उषा दीदी और भिलाई की बीके आशा दीदी सहित विभिन्न केंद्रों से आई वरिष्ठ दीदियां मौजूद रहीं। उन्होंने आध्यात्मिक जीवन, राजयोग मेडिटेशन, आत्मिक शांति और सकारात्मक विचारों के महत्व पर विचार रखे। वरिष्ठ दीदियों ने कहा कि आध्यात्मिक ज्ञान और राजयोग के माध्यम से जीवन में शांति, सद्भाव और सकारात्मकता लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार, संत नीलेश जी और नगर पालिका अध्यक्ष लीलाबाई कुशवाह सहित अन्य अतिथियों ने संस्था के आध्यात्मिक और नैतिक उत्थान से जुड़े कार्यों की सराहना की। भवन निर्माण में विशेष योगदान देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य चरण में वरिष्ठ दीदियों और अतिथियों ने झंडा वंदन किया। इसके बाद फीता काटकर नवनिर्मित शिव पावन धाम का लोकार्पण किया गया। अंत में राजगढ़ से आई बीके मधु दीदी ने आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story