राजगढ़: मोहिनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, निकली निशान यात्रा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़: मोहिनी एकादशी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, निकली निशान यात्रा


राजगढ़, 27 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ब्यावरा शहर स्थित हाईवे किनारे श्री खाटू श्याम मंदिर में सोमवार को मोहिनी एकादशी पर्व श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। “जय श्री श्याम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं।

बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार उज्जैन से मंगाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पमालाओं से सजाया गया, जिससे मंदिर की भव्यता देखते ही बन रही थी।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः मंगला आरती से हुई। इसके बाद दिनभर पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का आयोजन चलता रहा। दोपहर की आरती के समय मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया।

नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से दर्शन किए। इस दौरान विभिन्न मोहल्लों और गांवों से भव्य निशान यात्राएं भी निकाली गईं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत की धुन पर श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा को निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद रहा। यातायात डायवर्जन के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था, पेयजल और प्रसाद वितरण में सहयोग कर आयोजन को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story