जबलपुर में मोहर्रम का समापन, शहरभर से निकले ताजिए और सवारियां, कर्बला में हुआ विसर्जन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में मोहर्रम का समापन, शहरभर से निकले ताजिए और सवारियां, कर्बला में हुआ विसर्जन


जबलपुर, 26 जून (हि.स.)। शहर में मोहर्रम के समापन पर शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों से मुजावार अपने-अपने बेड़ों के साथ सवारियां और ताजिए लेकर कर्बला शरीफ के लिए रवाना हुए। पूरे मार्ग में अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोग अपनी मुरादें लेकर पहुंचे और मुजावारों से दुआएं कराईं। इस दौरान या अली और या हुसैन के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा।

आज मोहर्रम की दसवीं तारीख है जिसे इमाम हुसैन की शहादत की याद में मनाया जाता है। इस अवसर पर शहर में ताजियों एवं सवारी का विशाल जुलूस निकाला गया। इसके साथ ही शहर के मुस्लिम बहुल क्षेत्रों से पारंपरिक बुर्राक ताजिए निकाले गए। ये ताजिए श्रद्धालुओं की मन्नतों और जनसहयोग से तैयार किए जाते हैं।

इस अवसर पर कई ऐसे ताजिए भी आकर्षण का केंद्र रहे, जिनकी परंपरा करीब 100 वर्षों से लगातार चली आ रही है। संबंधित परिवार आज भी अपने पूर्वजों की इस विरासत का निर्वहन करते हुए उन्हीं पारंपरिक ताजियों को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ निकालते हैं।

अंत में रात्रि 8 बजे तक सभी ताजिए और सवारियां कर्बला शरीफ पहुंचीं, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उन्हें ठंडा किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, आस्था और गम का माहौल देखने को मिला।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story