राजगढ़ः होटलों की खाद्य सामग्री की मोबाइल लैब से जांच, श्री नमन होटल में मिली 30 किलो सड़ी प्याज नष्ट कराई
राजगढ़, 18 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसी जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए बुधवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के साथ एबी रोड पर निरीक्षण अभियान चलाया।
इस दौरान अलग-अलग होटलों में उपयोग किए जा रहे मसालों, तेल, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की मौके पर जांच की गई। निरीक्षण में श्री नमन होटल के परिसर में करीब 30 किलो खराब और सड़ी हुई प्याज मिली, जिसे खाद्य कारोबारकर्ता से मौके पर ही नष्ट कराया गया।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस खत्री की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। मोबाइल लैब के केमिस्ट संदीप प्रजापति ने एबी रोड स्थित होटल श्री नमन, काका होटल एंड रेस्टोरेंट, होटल शिमला, भाग्योदय होटल एंड रेस्टोरेंट और होटल सतगुरु कृपा सहित अन्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री की जांच की। टीम ने हल्दी, मिर्च और धनिया पाउडर के साथ आटा, मैदा, बेसन, सोयाबीन तेल, पनीर, ग्रेवी, जीरा, सौंफ और दालचीनी के नमूनों का मौके पर परीक्षण किया। इसके अलावा एक पिकअप दूध वाहन से दूध के अलग-अलग नमूने लेकर रैपिड टेस्टिंग किट से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान टीम ने होटलों की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, खाद्य लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति भी देखी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि रसोई में स्वच्छता रखें, खराब सामग्री का उपयोग नहीं करें और खाद्य पदार्थों में किसी प्रकार की मिलावट न करें। खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में इस तरह की जांच और निरीक्षण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

