जबलपुर : चलित न्यायालय में वाहन चेकिंग, 9,700 रुपये का जुर्माना
जबलपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सिहोरा में चलित न्यायालय के माध्यम से गुरुवार को वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना खितौला के सामने आयोजित इस कार्रवाई में न्यायालय दीपशिखा दागी, प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, सिहोरा की मौजूदगी में वाहनों की जांच की गई।
चेकिंग के दौरान सड़क से गुजर रहे विभिन्न वाहनों को रोककर उनके आवश्यक दस्तावेज एवं यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। प्रकरणों को चलित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों पर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
चलित न्यायालय की इस कार्रवाई में विभिन्न प्रकरणों से कुल 9,700 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की समझाइश भी दी गई।
चलित चलानी कार्यवाही के दौरान खितौला थाना प्रभारी चंद्रकांत झा, अमित, रश्मि बाजपेयी, धनेश्वर सिंगौर, परमजीत सहित न्यायालय एवं थाना स्टाफ़ ने कार्यवाही की, वहीं यातायात नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई का संदेश भी जाता है। न्यायालय की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में भी यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

