मंदसौरः शिवना नदी में गंदे नाले बंद करने के लिए विधायक जैन का प्रशासन को अल्टीमेटम
मंदसौर, 09 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में भगवान पशुपतिनाथ की नगरी मंदसौर में शिवना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के लिए चल रहा शुद्धिकरण अभियान दीपावली के पर्व पर भी नहीं थमा। अभियान के 150वें दिन सुबह ठंड के बावजूद श्रमदानियों ने उत्साह के साथ श्रमदान किया। नदी से एक ट्रॉली कचरा निकाला गया तथा भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के समीप घाटों को पानी से धोकर नदी किनारों की सफाई की गई।
इस अवसर पर विधायक विपिन जैन ने प्रशासन को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिवना नदी में मिल रहे गंदे नालों को एक सप्ताह के भीतर बंद किया जाए, अन्यथा वे आम जनता के साथ अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे। अब इस मामले में कोई बहानेबाजी या प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भगवान पशुपतिनाथ और शिवना नदी से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है, इसके बावजूद शहर के गंदे नाले सीधे नदी में मिल रहे हैं। यह स्थिति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन तत्काल नालों को नदी में मिलने से रोकने के लिए ठोस कार्रवाई करे।
विधायक जैन ने कहा कि शिवना को स्वच्छ और निर्मल बनाना केवल श्रमदानियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रशासन और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। दीपावली का पर्व हमें अपने घरों के साथ शहर और प्राकृतिक धरोहरों को भी स्वच्छ बनाने का संदेश देता है। 150 दिनों से लगातार चल रहा अभियान जनभागीदारी और संकल्प का उदाहरण है, लेकिन जब तक नदी में गंदे नालों का मिलना बंद नहीं होगा, तब तक स्थायी स्वच्छता का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

