विधायक ने शिवना प्रोजेक्ट की देरी पर नाराजगी जताई:अधिकारियों को काम समय पर करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
विधायक ने शिवना प्रोजेक्ट की देरी पर नाराजगी जताई:अधिकारियों को काम समय पर करने के दिए निर्देश


मंदसौर, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के समग्र और दीर्घकालीन विकास के लिए गुरुवार को एसडीएम कार्यालय में विजन डॉक्यूमेंट समीक्षा बैठक आयोजित की गई। विधायक विपिन जैन ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जनहित के कार्य पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

विधायक विपिन जैन ने कहा कि कोई भी पद स्थायी नहीं होता, इसलिए ऐसे कार्य किए जाएं जिन्हें जनता लंबे समय तक याद रखे। उन्होंने सभी विभागों से विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए ठोस और व्यवहारिक प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा, ताकि मंदसौर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रभावी विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया जा सके। बैठक के दौरान विधायक ने शिवना प्रोजेक्ट के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने पीआईयू विभाग को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर परियोजना को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कालाखेत स्टेडियम और कालाखेत क्षेत्र में निमार्णाधीन दुकानों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निम्बोद और खजुरिया सारंग हाई स्कूलों को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने के लिए शासन को दोबारा स्मरण पत्र भेजने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़कों की मरम्मत, विद्युत विभाग में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की समस्या का समाधान, विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों की प्रगति की समीक्षा और जल निगम द्वारा दलौदा की सर्विस लेन की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

विधायक ने कृषि उपज मंडी, विद्युत विभाग और एमपीआरडीसी के अधिकारियों की बैठक से अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने भविष्य में सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ बैठकों में उपस्थित रहने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story