सागरः देवरी विधायक की बेटी पर युवक की पिटाई का आरोप, वीडियो वायरल
सागर, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया पर एक युवक के साथ सरेराह मारपीट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
पीड़ित राजेश शर्मा निवासी ग्राम जमुनिया के अनुसार, यह घटना सोमवार 13 अप्रैल की है। वह जनपद देवरी अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के सहयोगी है। शिकायत के मुताबिक, जब राजेश गौरझामर क्षेत्र के एक बैंक में थे, तब उन्हें संदेश मिला कि विधायक की बेटी प्रियंका पटेरिया बाहर खड़ी गाड़ी में उन्हें बुला रही हैं। आरोप है कि जैसे ही राजेश गाड़ी के पास पहुँचे, प्रियंका ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जूता निकालकर उनकी पिटाई कर दी।
पीड़ित का कहना है कि जब मैंने अपनी गलती पूछी, तो उन्होंने कहा कि तुम मेरे पिता के खिलाफ काम कर रहे हो। मामला रसूखदारों से जुड़ा है, इसलिए पुलिस कार्रवाई में देरी कर रही है।
इस पूरे विवाद के पीछे गहरी राजनीतिक और पारिवारिक रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, विनीत पटेरिया (जिनके साथ पीड़ित रहता है) विधायक बृजबिहारी पटेरिया के सगे भतीजे हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
दूसरी ओर, प्रियंका पटेरिया ने इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि राजेश शर्मा पिछले कई दिनों से उनकी गाड़ी का पीछा कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश ने कई बार उनकी कार को कट मारने और एक्सीडेंट करने की कोशिश की, जिससे वह बाल-बाल बचीं। प्रियंका ने भी इस संबंध में पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद गौरझामर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के आवेदन प्राप्त हुए हैं और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

