गरीब दुकानदारों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक, 10 तारीख तक दुकानें लगाने की मिली अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
गरीब दुकानदारों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे विधायक, 10 तारीख तक दुकानें लगाने की मिली अनुमति


शिवपुरी, 04 नवंबर (हि.स.)। दीपावली और आगामी त्योहारों के मद्देनजर मुख्य बाजार में अस्थायी दुकानें और हाथ ठेले लगाने वाले गरीब दीया विक्रेताओं व छोटे व्यापारियों को प्रशासन ने 10 तारीख तक कारोबार करने की अनुमति दे दी है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी से विधायक देवेंद्र जैन के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने उन्हें पूर्व की तरह निर्धारित स्थानों पर दुकानें और ठेले लगाने की स्वीकृति दी।

दरअसल, प्रशासन द्वारा मुख्य बाजार में दुकानें नहीं लगाने देने के निर्णय से परेशान छोटे व्यापारियों ने विधायक देवेंद्र जैन से मुलाकात कर अपनी समस्या बताई थी। व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए विधायक तत्काल कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर से चर्चा कर समाधान की मांग की। इसके बाद प्रशासन ने 10 तारीख तक दुकानदारों को पूर्व की भांति यथास्थान कारोबार करने की अनुमति दे दी।

इस निर्णय के बाद विधायक देवेंद्र जैन ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दीपावली और भाईदूज जैसे त्योहार छोटे दुकानदारों, दीया विक्रेताओं और हाथ ठेला चालकों की सालभर की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रशासन के नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन त्योहार के समय किसी गरीब परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट नहीं आने दिया जाएगा।

उन्होंने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि तक शांतिपूर्वक अपना कारोबार करें और यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772505 Articles

Share this story